scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशपूरे उत्तर प्रदेश में लालटेन जुलूस निकालेगी आम आदमी पार्टी- संजय सिंह

पूरे उत्तर प्रदेश में लालटेन जुलूस निकालेगी आम आदमी पार्टी- संजय सिंह

Text Size:

प्रयागराज (उप्र), 28 जून (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने रात्रि में बिजली की दरें अधिक रखने के सरकार के निर्णय की आलोचना करते हुए बुधवार को कहा कि इस निर्णय के खिलाफ उनकी पार्टी पूरे उत्तर प्रदेश में दो जुलाई को लालटेन जुलूस निकालेगी।

सिंह ने संवाददाताओं से कहा पार्टी के कार्यकर्ता यह जुलूस निकाल कर सरकार से इस काले कानून को वापस लेने की अपील करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में रात्रि में बिजली का दाम 20 प्रतिशत नहीं बढ़ना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया, “रात में बिजली की दरें बढ़ाने की मुख्य वजह यह है कि मोदी (प्रधानमंत्री) जी के सारे दोस्तों ने बिजली की कंपनियां खोल रखी हैं और उन्हीं को फायदा पहुंचाने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।”

समान नागरिक संहिता को लेकर आप सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने अभी तक कोई दस्तावेज देश के सामने नहीं रखा है यानी इसका मतलब भाजपा का मकसद समान नागरिक संहिता को पारित कराना नहीं, बल्कि इसको लेकर राजनीति करना है। उन्होंने कहा कि यदि इनका इरादा इस विधेयक को लाने का होता तो नौ साल से यह सरकार भांग खाकर क्यों सोई हुई थी।

मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री के भाषण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे यह देखकर बहुत दुख हुआ कि भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने पर भारत के प्रधानमंत्री, इस देश की तुलना पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल से कर रहे हैं।’’

आगामी 2024 के आम चुनाव के लिए कांग्रेस के साथ आम आदमी पार्टी के गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, “हमने पहले दिन से ही कहा है कि दिल्ली सरकार के खिलाफ काला अध्यादेश पर कांग्रेस को अपनी स्थिति साफ करनी पड़ेगी। स्थिति स्पष्ट नहीं होने पर उनके साथ जाना हमारे लिए मुश्किल है।”

भाषा राजेंद्र राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments