काहिरा, 24 जून (भाषा) मिस्र की दो दिन की यात्रा पर शनिवार को काहिरा पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भारतीय समुदाय के लोगों ने जमकर प्रशांसा की और उन्हें ‘‘भारत का नायक’’ बताया।
प्रधानमंत्री मोदी मिस्र के राष्ट्रपति अल-सिसी के निमंत्रण पर मिस्र का दौरा कर रहे हैं। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की 26 वर्षों में मिस्र की पहली द्विपक्षीय यात्रा है। प्रधानमंत्री का रित्ज कॉर्ल्टन होटल पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। यहां उन्होंने भारतीय समुदाय के लोगों से कई समूहों में बातचीत की।
अधिकतर लोगों ने अमेरिकी कांग्रेस में प्रधानमंत्री के संबोधन की सराहना की।
भारतीय समुदाय के एक व्यक्ति ने प्रधानमंत्री से कहा ‘‘आप भारत के नायक हैं।’’ इस पर मोदी ने कहा कि विदेशों में रहने वालों सहित सभी भारतीयों के प्रयासों ने देश की सफलता में योगदान दिया है।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘सारा हिंदुस्तान सबका नायक है। देश के लोग मेहनत करते हैं तो देश की तरक्की होती है।’’
भाषा शोभना नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
