scorecardresearch
Tuesday, 3 February, 2026
होमखेलचोट के कारण रवि दहिया बिश्केक रैंकिंग सीरीज से हटे, मुलायम और पंकज कांस्य पदक प्लेऑफ में हारे

चोट के कारण रवि दहिया बिश्केक रैंकिंग सीरीज से हटे, मुलायम और पंकज कांस्य पदक प्लेऑफ में हारे

Text Size:

बिश्केक, चार जून (भाषा) ओलंपिक रजत पदक विजेता पहलवान रवि कुमार दहिया रविवार को यहां अभ्यास के दौरान घुटने में चोट लगने के कारण बिश्केक रैंकिंग सीरीज कुश्ती प्रतियोगिता से हट गये जबकि मुलायम यादव और पंकज कांस्य पदक के प्लेऑफ में हार गये जिससे भारतीय पुरुष फ्रीस्टाइल टीम टूर्नामेंट से खाली हाथ लौटेगी।

दहिया को 61 किग्रा भार वर्ग के क्वालिफिकेशन राउंड में किर्गिस्तान के ताइरबेक ज़ुमाशबेक उलु से भिड़ना था।

दहिया सितंबर 2022 में बेलग्रेड में विश्व चैंपियनशिप में छठे स्थान पर रहने के बाद पहली बार किसी प्रतियोगिता में भाग ले रहे थे।

भारत के सहयोगी स्टाफ के एक सदस्य ने कहा,‘‘इस साल जनवरी में रवि का घुटना चोटिल हो गया था लेकिन वह उससे उबर गए थे। यहां अभ्यास के दौरान उनके उसी घुटने में खिंचाव आ गया। एशियाई खेलों के ट्रायल जल्द ही होने वाले हैं और ऐसे में उन्होंने प्रतियोगिता से हटने का फैसला किया ताकि उनकी चोट और गंभीर ना हो जाए।’’

इसी वजन वर्ग में पंकज जॉर्जिया के जियोर्गी गोनियाशविली पर 8-2 से जीत दर्ज कर के करके क्वार्टर फाइनल में पहुंचे जिसमें उनकी भिड़ंत हमवतन और अंडर 23 विश्व चैंपियन अमन सहरावत से हुई।

इस साल जाग्रेब ओपन में कांस्य पदक जीतने वाले अमन को इस मुकाबले में जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा था लेकिन पंकज ने उन्हें पस्त करने में कोई कसर नहीं छोड़ी और 8-1 से आसान जीत दर्ज की।

वह हालांकि फाइनल में नहीं पहुंच सके और अंतिम चार में उलुलू से 0-7 से हार गये। फिर पंकज कांस्य पदक मैच में तुर्की के एमराह ओर्मांग्लू से 1-6 से पराजित हो गये।

भारत के एक अन्य पहलवान मुलायम यादव ने 70 किग्रा भार वर्ग के क्वालिफिकेशन राउंड में कजाकिस्तान के दोझान असेटोव को आसानी से 9-4 से हराया। इसके बाद उन्होंने क्वार्टर फाइनल के मुकाबले में रक्षण का शानदार नमूना पेश करते हुए जॉर्जिया के डेविट पाट्सिनशविली पर 6-2 से आत्मविश्वास भरी जीत दर्ज की।

बाद में वह सेमीफाइनल में स्थानीय प्रबल दावेदार ओरोजोबेक तोकतोमामबेतोव से 1-7 से हार गये।

तुर्की के सर्वेत कोस्कुन के खिलाफ कांस्य पदक मुकाबले में वह 1-6 से पिछड़ रहे थे लेकिन लगातार पांच अंक बनाकर स्कोर बराबर करने में सफल रहे। पर वह इस आधार पर हार गये कि कोस्कुन ने उनके खिलाफ एक दाव में ज्यादा अंक (चार अंक) जुटाये थे।

बजरंग पूनिया के पसंदीदा 65 किग्रा भार वर्ग के प्री क्वार्टर फाइनल में अनुज कुमार अजरबैजान के अली रहीमजादा से 6-7 से हार गए।

भारत ने 74 किग्रा, 79 किग्रा और 92 किग्रा भार वर्ग में कोई खिलाड़ी नहीं उतारा है।

भारत ने अभी तक इस प्रतियोगिता में चार पदक जीते हैं। शनिवार को महिला पहलवानों में तीन पदक जीते जबकि एक पदक ग्रीको रोमन में मनजीत ने जीता। भाषा नमिता आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments