scorecardresearch
Wednesday, 4 March, 2026
होमदेशगलती से बांग्लादेश चला गया किसान, 15 महीने बाद घर लौटा

गलती से बांग्लादेश चला गया किसान, 15 महीने बाद घर लौटा

Text Size:

गेदे (पश्चिम बंगाल), छह मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के नदिया जिले का एक किसान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास खेत में काम करने के दौरान गलती से बांग्लादेश की सीमा में दाखिल हो गया और 15 महीने पड़ोसी देश में रहने के बाद शनिवार को घर लौट आया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि छपरा पुलिस थाना क्षेत्र के ब्रह्मनगर निवासी नासिर शेख खेत में काम करते हुए गलती से बांग्लादेश की सीमा में प्रवेश कर गए और उन्हें बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) ने पकड़ लिया। अधिकारियों ने कहा कि दोनों देशों के बीच अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कई क्षेत्रों में बाड़ नहीं है, और दोनों तरफ के लोग अक्सर अनजाने में एक-दूसरे के क्षेत्र में आ जाते हैं।

शेख ने कहा कि उन्हें बीजीबी द्वारा पुलिस को सौंप दिया गया और बाद में एक अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें दो महीने के लिए जेल भेज दिया। हालांकि, कई जटिलताओं के कारण, उन्हें लगभग 15 महीने तक वहां रहना पड़ा और बांग्लादेश में भारतीय उच्चायोग के हस्तक्षेप के बाद ही स्वदेश लौट सके।

गेदे चेक पोस्ट पर बीजीबी ने उन्हें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को सौंप दिया। नासिर शेख के भाई सिराज उन्हें लेने के लिए एक स्थानीय पंचायत सदस्य के साथ चेक पोस्ट पर गए।

नासिर शेख ने कहा, ‘‘मुझे अच्छा लग रहा है कि मैं 15 महीने बाद घर लौट सका। बांग्लादेश में रहने के दौरान मेरे साथ अच्छा व्यवहार हुआ।’’ नासिर के चार बच्चे हैं, जबकि उनकी पत्नी की मौत करीब सात साल पहले हो गई थी।

भाषा आशीष धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments