scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशकांग्रेस कार्यकर्ता ने तृणमूल कांग्रेस समर्थक बेटे के घर पर बम फेंका, गिरफ्तार

कांग्रेस कार्यकर्ता ने तृणमूल कांग्रेस समर्थक बेटे के घर पर बम फेंका, गिरफ्तार

Text Size:

कोलकाता, नौ अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल की मुर्शिदाबाद जिला पुलिस ने 62 वर्षीय कांग्रेस कार्यकर्ता को तृणमूल कांग्रेस के सदस्य अपने बेटे के मकान पर कथित रूप से बम फेंकने के आरोप में रविवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया, जहीरूद्दीन शेख ने शनिवार की रात अपने बेटे अनीसुर शेख (30) के मकान पर देसी बम फेंके। अनीसुर रानीनगर 2 पंचायत इलाके में तृणमूल कांग्रेस युवा मोर्चा का अध्यक्ष है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि 2018 पंचायत चुनावों से पहले अनीसुर और उसकी पत्नी शेफाली शेख तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए, जिसके बाद जहीरूद्दीन से उनका संबंध बिगड़ गया। उन्होंने बताया कि तृणमूल कांग्रेस ने शेफाली को पंचायत प्रधान बना दिया जिसके बाद वह अपने पति के साथ ससुरालियों से अलग रहने लगी।

पुलिस ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, अनीसुर और शेफाली बाल-बाल बच गए। हालांकि क्षेत्र में डर का माहौल है।

अनीसुर ने आरोप लगाया कि उसके पिता ने अगला पंचायत चुनाव लड़ने से रोकने के लिए उसके मकान पर हमला किया।

कांग्रेस ने आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया है कि वह हिंसा में भरोसा नहीं करती और ‘‘यह तृणमूल कांग्रेस का हॉलमार्क’’ है।

जहीरूद्दीन ने भी आरोपों से इंकार करते हुए कहा कि उसकी बहू उसे फंसा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अनीसुर ने लोगों की हमदर्दी हासिल करने के लिए अपने ही मकान पर बम फेंका है।

पुलिस ने बताया कि जहीरूद्दीन को उसके बटे से मिली तहरीर के आधार पर गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है।

भाषा अर्पणा नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments