हैदराबाद, नौ अप्रैल (भाषा) भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के नेता और तेलंगाना के मंत्री के टी रामा राव ने रविवार को आरोप लगाया कि तेलंगाना के अन्य राज्यों से बेहतर प्रदर्शन करने के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘तुच्छ राजनीति’ के चलते बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्य के रूप में इसे स्वीकार करने एवं इसकी तारीफ करने में ‘विफल’ रहे।
विभिन्न क्षेत्रों में तेलंगाना की उपलब्धियां गिनाते हुए रामाराव ने एक ट्वीट में मोदी को किसी भी एक ऐसे राज्य का नाम बताने की चुनौती दी जिसने पिछले नौ सालों में सर्वांगीण रूप से तेलंगाना से बेहतर प्रदर्शन किया हो।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ विजयी तेलंगाना। भारत में सबसे अधिक प्रति व्यक्ति वृद्धि वाला राज्य है, पहला राज्य जिसने सभी घरों में पेयजल पहुंचाया, ऐसा राज्य जिसने दुनिया की सबसे बड़ी लिफ्ट सिंचाई परियोजना पूरी की, भारत में सर्वश्रेष्ठ ग्रामीण विकास आदर्श वाला राज्य, खुले में शौच से शत-प्रतिशत मुक्ति वाले गांव, भारत में दूसरा सबसे अधिक धान उत्पादक राज्य, भारत में आईटी में सबसे अधिक नौकरियां पैदा करने वाला राज्य, ऐसा राज्य जिसे कई अंतरराष्ट्रीय ख्यातियां मिलीं।’’
उन्होंने लिखा, ‘‘ उसके बाद भी भारत के प्रधानमंत्री के पास प्रशंसा का एक भी शब्द नहीं है। तुच्छ राजनीति के कारण उन्होंने इस प्रदर्शनकारी राज्य के कामकाज को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। नरेंद्र मोदी जी, मैं आपको किसी भी एक ऐसे राज्य का नाम बताने की चुनौती देता हूं जिसने पिछले नौ सालों में तेलंगाना से हर मामले में बेहतर प्रदर्शन किया हो।’’
मोदी ने शनिवार को कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि राज्य सरकार से सहयोग नहीं मिलने के कारण तेलंगाना में कई केंद्रीय परियोजनाओं को पूरा करने में देरी हो रही है।
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
