नयी दिल्ली, दो अप्रैल (भाषा) रविवार को भाषा की विभिन्न फाइलों से दोपहर दो बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं :
प्रादे18 गुजरात अदालत राहुल याचिका
मानहानि मामले में दोषसिद्धि के खिलाफ सूरत की अदालत में तीन अप्रैल को याचिका दाखिल करेंगे राहुल
सूरत, कांग्रेस नेता राहुल गांधी 2019 के आपराधिक मानहानि मामले में अपनी दोषसिद्धि के खिलाफ सूरत (गुजरात) की एक अदालत में सोमवार को याचिका दाखिल करेंगे। सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।
दि7 शाह बिहार राज्यपाल
शाह ने बिहार में सांप्रदायिक हिंसा पर राज्यपाल से बात की
नयी दिल्ली, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार में सांप्रदायिक हिंसा की घटनाओं पर रविवार को चिंता व्यक्त की और स्थिति का जायजा लेने के लिए राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से बात की। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
प्रादे12 झारखंड हिंसा जख्मी
झारखंड के साहिबगंज में भड़की हिंसा में पुलिसकर्मी सहित छह घायल
साहिबगंज (झारखंड), झारखंड के साहिबगंज जिले में मूर्ति विसर्जन के दौरान पथराव की घटना में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सहित छह लोग घायल हो गये।
प्रादे24 प. बंगाल झड़प स्थिति
हावड़ा के काजीपाड़ा, शिबपुर में झड़प के बाद सामान्य हो रही है स्थिति
हावड़ा (पश्चिम बंगाल), पश्चिम बंगाल में हावड़ा जिले के शिबपुर और काजीपाड़ा इलाके में राम नवमी पर शोभायात्रा निकाले जाने के दौरान दो समूहों के बीच हुई झड़प के बाद स्थिति सामान्य हो रही है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
खेल3 खेल लीड दुर्रानी
बेहतरीन शख्सियत वाले हरदिलअजीज क्रिकेटर सलीम दुर्रानी का निधन
नयी दिल्ली, सिनेमा के नायक की तरह आकर्षक, खुशमिजाज व्यक्तित्व के धनी और प्रशंसकों की मांग पर छक्का जड़ने के लिए जाने जाने वाले 1960 के दशक के दिग्गज भारतीय क्रिकेटर सलीम दुर्रानी का रविवार को निधन हो गया।
खेल4 खेल मोदी दुर्रानी
प्रधानमंत्री मोदी ने दुर्रानी के निधन पर शोक जताया
नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महान भारतीय क्रिकेटर सलीम दुर्रानी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि विश्व क्रिकेट में भारत के उत्थान में उनका अहम योगदान रहा ।
अर्थ9 जीएसटी पंजीकरण
कर, जुर्माना भर 30 जून तक पंजीकरण बहाली के लिए आवेदन कर सकती हैं कंपनियां
नयी दिल्ली, माल एवं सेवा कर (जीएसटी) रिटर्न नहीं भरने के कारण जिन कंपनियों का पंजीकरण रद्द हो गया है, उनको सरकार ने इसकी बहाली के लिए मौका दिया है। ऐसी कंपनियां या कारोबार कर, ब्याज और जुर्माना भरने के बाद 30 जून से पहले पंजीकरण बहाल करने के लिए आवेदन कर सकती हैं।
वि2 अमेरिका बवंडर मृतक
अमेरिका के ‘मिडवेस्ट’ और ‘साउथ’ में बवंडर ने मचाई तबाही, कम से कम 26 लोगों की मौत
विन (अमेरिका), अमेरिका के ‘मिडवेस्ट’ एवं ‘साउथ’ में आए बवंडर (टॉरनेडो) से मची तबाही के कारण कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए।
वि5 अमेरिका गोलीबारी
अमेरिका : ओकलाहोमा के बार में गोलीबारी, तीन लोगों की मौत
ओकलाहोमा सिटी (अमेरिका), अमेरिका के ओकलाहोमा सिटी के एक बार में शनिवार रात हुई गोलीबारी में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
भाषा
गोला प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
