scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमदेशकर्नाटक :विधायक के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के बाद येदियुरप्पा ने रैली रद्द की

कर्नाटक :विधायक के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के बाद येदियुरप्पा ने रैली रद्द की

Text Size:

मुदिगेरे (कर्नाटक),16 मार्च (भाषा) कर्नाटक के आगामी विधानसभा चुनाव में मुदिगेरे क्षेत्र से वर्तमान विधायक एम. पी. कुमारस्वामी को टिकट नहीं देने की मांग को लेकर पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया जिसकी वजह से बृहस्पतिवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अपनी रैली और रोड शो रद्द करना पड़ा।

इस रैली में भाजपा के प्रदेश में कद्दावर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा को हिस्सा लेना था।

इस घटनाक्रम के बाद भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य और राष्ट्रीय महासचिव सी. टी. रवि और अन्य नेताओं को कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर जाना पड़ा। भाजपा ने यह रैली ‘विजय संकल्प यात्रा’ के तहत आयोजित की थी।

येदियुरप्पा रोड शो में हिस्सा लेने जा रहे थे, तभी पार्टी कार्यकर्ताओं के एक समूह ने उनकी कार को घेर लिया और कुमारस्वामी के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ता चाहते थे कि वरिष्ठ नेता उनकी अपील सुनें। इसके बाद, कार्यकर्ताओं का एक अन्य समूह मौके पर पहुंचा और विधायक के पक्ष में नारेबाजी करने लगा।

खबर के मुताबिक विधायक का विरोध कर रहे समूह ने येदियुरप्पा को एक ज्ञापन सौंपने की योजना बनाई थी, जिसमें कुमारस्वामी को टिकट देने का विरोध किया गया था।

रवि और अन्य भाजपा नेताओं ने रोड शो और रैली को जारी रखने की अपील की और दोनों पक्षों को शांत करने का असफल प्रयास किया।

पार्टी सूत्रों ने बताया कि कार्यकर्ताओं के व्यवहार से परेशान येदियुरप्पा अपनी कार से बाहर नहीं निकले।

उन्होंने बताया कि येदियुरप्पा ने इसके बजाय रोड शो और रैली को रद्द कर दिया और चिक्कमगलुरु के लिए रवाना हो गए।

भाषा जितेंद्र धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments