तिरुवनंतपुरम, 12 मार्च (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने मध्य प्रदेश स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय (आईजीएनटीयू) में राज्य के चार छात्रों पर कथित रूप से हमला किए जाने की रविवार को निंदा करते हुए इसे भयावह कृत्य करार दिया। उन्होंने कहा कि लोगों के खिलाफ उनकी पहचान पर आधारित बढ़ती शत्रुता को रोका जाना चाहिए।
कुछ समाचार रिपोर्ट में बताया गया है कि मध्य प्रदेश स्थित इस विश्वविद्यालय के अमरकंटक परिसर में 10 मार्च को सुरक्षाकर्मियों ने केरल के चार छात्रों को कथित रूप से पीटा।
विजयन ने इन खबरों के मद्देनजर ट्वीट किया, ‘‘आईजीएनटीयू में केरल के छात्रों पर हमले की घटना भयावह है और हमारे देश में व्यक्तियों की पहचान के आधार पर उनके प्रति बढ़ती शत्रुता का विरोध करने की आवश्यकता पर प्रकाश डालती है। विश्वविद्यालय को दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए और परिसर में सभी छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।’’
राज्यसभा के सदस्य और वाम नेता जॉन ब्रिटास ने भी इस मामले में कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की और इस संबंध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पत्र लिखा है।
भाषा सिम्मी संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
