नयी दिल्ली, 11 मार्च (भाषा) भारत और ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार को मौजूदा मुक्त व्यापार समझौता को विस्तार देने के लिए जारी वार्ता को इस साल के अंत तक पूरा करने की प्रतिबद्धता जताई है। दोनों देशों ने द्विपक्षीय व्यापार को पांच साल में 100 अरब डॉलर करने का लक्ष्य तय किया है।
यह मुद्दा वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और उनके ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष डॉन फैरेल के बीच संयुक्त मंत्रिस्तरीय आयोग की बैठक के दौरान उठाया गया।
फैरेल यहां आधिकारिक दौरे पर भारत आए ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज के साथ आए हैं।
भारत और ऑस्ट्रेलिया ने पिछले साल 29 दिसंबर को आर्थिक सहयोग एवं व्यापारिक समझौता (ईसीटीए) लागू किया था और अब व्यापक आर्थिक सहयोग समझौता (सीईसीए) के लिए इसके विस्तार के लिए वार्ता कर रहे हैं।
गोयल ने यहां संवाददाताओं से कहा, “ईसीटीए हमारे आर्थिक समझौते का पहला चरण है। हम अब अपनी चर्चाओं के दूसरे चरण में प्रवेश कर रहे हैं, जहां हम विषयों के अधिक व्यापक दायरे को देख रहे हैं और इसे सीईसीए में ले रहे हैं।”
भाषा अनुराग पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
