(फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने शुक्रवार को यहां कहा कि भारत ‘ग्लोबल साउथ’ में नेतृत्व प्रदान करने की बेहतर स्थिति में है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भारत को केंद्र में रखे बिना जलवायु चुनौतियों का समाधान नहीं हो सकता है।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अल्बनीज ने ‘सेंटर फॉर ऑस्ट्रेलिया-इंडिया रिलेशंस’ के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में टिम थॉमस की नियुक्ति की घोषणा की।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत ‘ग्लोबल साउथ’ में नेतृत्व प्रदान करने के लिए एक बेहतर स्थिति में है। भारत को केंद्र में रखे बिना जलवायु चुनौतियों का समाधान नहीं हो सकता है। ऑस्ट्रेलिया अपने स्थान को देखते हुए एक नवीकरणीय ऊर्जा महाशक्ति बन जाएगा। भारत भी बनेगा, और इसलिए सहयोग करने और एक साथ काम करने के लिए बहुत अच्छे अवसर हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भारत के लिए 2030 तक 500 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता स्थापित करने संबंधी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के महत्वपूर्ण लक्ष्य का वैश्विक ऊर्जा परिवर्तन पर गहरा प्रभाव पड़ेगा।’’
अल्बनीज ने कहा, ‘‘ऑस्ट्रेलिया प्राकृतिक संसाधनों, महत्वपूर्ण पृथ्वी खनिजों से समृद्ध है जो अक्षय ऊर्जा के उत्पादन में मदद कर सकते हैं। इसलिए, यह साझेदारी भारत को बढ़ती ऊर्जा मांगों को पूरा करने में मदद करेगी।’’
‘सेंटर फॉर ऑस्ट्रेलिया-इंडिया रिलेशंस’ के बारे में बात करते हुए, अल्बनीज ने कहा कि यह ‘‘सरकारों, उद्योग, शिक्षा जगत और समुदाय के बीच ऑस्ट्रेलिया-भारत संबंधों की अधिक समझ बनाने के लिए काम करेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दुनिया में (आज) भारत के बारे में नजरिया 1991 की तुलना में बहुत अलग है, जब मैंने पहली बार देश का दौरा किया था।’’
अल्बनीज ने कहा कि भारत हिंद महासागर क्षेत्र में एक स्वाभाविक अगुआ है और दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत और ऑस्ट्रेलिया स्वाभाविक साझेदार हैं। बेहतर भविष्य के लिए हम एक साथ मिलकर और अधिक प्रयास कर सकते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भारत और ऑस्ट्रेलिया को न केवल रक्षा और सुरक्षा के मामले में बल्कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भी मजबूत रणनीतिक साझेदार बनने की आवश्यकता है।’’
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
