नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बृहस्पतिवार को अमेरिकी वाणिज्य मंत्री जीना रायमोंडो से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत की जी-20 वरीयताओं और द्विपक्षीय व्यापार तथा निवेश को बढ़ाने वाले मुद्दों पर चर्चा की।
वित्त मंत्रालय ने ट्वीट कर कहा कि सीतारमण और रायमोंडो ने मजबूत आर्थिक और वित्तीय संबंधों पर केंद्रित भारत-अमेरिका के ठोस और बहुआयामी संबंधों की भी सराहना की।
रायमोंडो यहां भारत-अमेरिका वाणिज्य वार्ता और 10 मार्च को होने वाली भारत अमेरिका सीईओ फोरम की बैठक में शामिल होने के लिए आई हैं। इन बैठकों में विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की जाएगी, जिससे दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश के नए अवसर खुलेंगे।
मंत्रालय ने एक अन्य ट्वीट में बताया कि मास्टरकार्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) माइकल मीबेक ने भी बृहस्पतिवार को सीतारमण से मुलाकात की।
भाषा अनुराग पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
