अहमदाबाद, सात मार्च (भाषा) गुजरात में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक विपुल पटेल शुक्रवार को विधानसभा में एक प्रस्ताव पेश करेंगे, जिसमें बीबीसी के एक वृत्तचित्र में दिखाए गए ‘मनगढ़ंत’ निष्कर्षों के खिलाफ ‘कड़ी कार्रवाई’ की मांग की जाएगी।
पटेल ने बीबीसी पर 2002 के गोधरा दंगों के बाद “एक बार फिर तत्कालीन राज्य सरकार को दोष देने का प्रयास” करने का आरोप लगाया।
प्रस्ताव के अनुसार, बीबीसी की वृत्तचित्र भारत की वैश्विक छवि को धूमिल करने का एक “निम्न-स्तरीय प्रयास” है।
विधानसभा सचिवालय द्वारा मंगलवार को साझा किए गए प्रस्ताव के सारांश के अनुसार, “भारत एक लोकतांत्रिक देश है और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता इसके संविधान के मूल में है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि एक मीडिया संस्थान ऐसी स्वतंत्रता का दुरुपयोग कर सकता है।”
ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (बीबीसी) का वृत्तचित्र ‘इंडिया: द मोदी क्वेश्चन’ दो भाग में है, जिसमें दावा किया गया है कि यह 2002 के गुजरात दंगों से संबंधित कुछ पहलुओं की पड़ताल पर आधारित है। गुजरात दंगों के समय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राज्य के मुख्यमंत्री थे।
भाषा जितेंद्र शफीक
शफीक
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
