(तस्वीरों के साथ जारी)
कोच्चि, सात मार्च (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के अतिरिक्त निजी सचिव सी एम रवींद्रन राज्य सरकार की अहम आवासीय परियोजना ‘लाइफ मिशन’ में विदेशी अंशदान (नियमन) अधिनियम के कथित उल्लंघन की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने मंगलवार को पेश हुए।
एजेंसी ने इससे पहले रवींद्रन को 27 फरवरी को उसके समक्ष पेश होने को कहा था, लेकिन उन्होंने उस दिन पेश नहीं होने के लिए आधिकारिक कर्तव्यों का हवाला दिया।
रवींद्रन सुबह नौ बजे यहां ईडी कार्यालय पहुंचे।
इससे पहले, कुछ मीडिया घरानों ने सोना तस्करी मामले की मुख्य आरोपी स्वप्ना सुरेश और रवींद्रन के बीच हुई संदिग्ध चैट जारी की थी।
इस मामले में कथित संलिप्तता को लेकर एजेंसी ने पूर्व में मुख्यमंत्री के पूर्व प्रधान सचिव एम शिवशंकर को गिरफ्तार किया था।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 2020 में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 120 बी और विदेशी अंशदान नियमन कानून (एफसीआरए) 2010 की धारा 35 के तहत वडक्कनचेरी के तत्कालीन कांग्रेस विधायक अनिल अक्कारा द्वारा यूनिटैक बिल्डर, कोच्चि के प्रबंध निदेशक संतोष इप्पन को पहले आरोपी के तौर पर और साने वेंचर्स को दूसरे आरोपी के रूप में सूचीबद्ध करने की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की थी।
दोनों कंपनियों ने एक अंतरराष्ट्रीय मानवीय मुहिम ‘रेड क्रीसेंट’ द्वारा उनके साथ किए गए समझौते के आधार पर निर्माण किया था, जो लाइफ मिशन परियोजना के लिए 20 करोड़ रुपये प्रदान करने पर सहमत हुए थे।
भाषा सिम्मी मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
