(फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, एक मार्च (भाषा) उत्तरी दिल्ली के रोशनआरा रोड पर स्थित तीन मंजिला इमारत आग लगने के बाद बुधवार को उस समय गिर पड़ी जब आग को बुझाया जा रहा था। घटना में करीब 100 दमकल कर्मी बाल-बाल बच गए और तीन कर्मी मामूली रूप से जख्मी हो गए।
अग्निशमन सेवा के अधिकारियों ने बताया कि घायल दमकल कर्मियों को नज़दीकी अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें बाद में छुट्टी दे दी गई।
पुलिस के मुताबिक, इमारत में एक निजी ट्रांसपोर्ट एवं साजो सामान कंपनी का मुख्यालय था। इसमें कई दफ्तर थे और एक गोदाम था जहां सामान रखा हुआ था।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि इमारत में आग लगने के बाद आसपास की इमारतों के लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। उन्होंने कहा कि हालांकि आग फैली नहीं लेकिन आसपास की कम से कम तीन इमारतों में दरार आ गईं।
अग्निश्मन विभाग ने कहा कि उसे पुलबंगश मेट्रो स्टेशन के पास रोशनआरा रोड पर स्थित एक कारखाने में आग लगने की सूचना मिली थी लेकिन जब उसके दल मौके पर पहुंचे थे तो उन्होंने पाया कि यह कारखाना नहीं बल्कि गोदाम था।
इसने कहा कि करीब 100 दमकल कर्मियों को तैनात किया गया।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के निदेशक अतुल गर्ग ने कहा, ‘‘हमें पूर्वाह्न करीब 11 बजकर 50 मिनट पर रोशनआरा रोड पर जयपुर गोल्डन ट्रांसपोर्ट के पास एक फैक्टरी में आग लगने के बारे में फोन आया था। घटनास्थल पर दमकल की 18 गाड़ियां भेजी गईं।”
उन्होंने बताया कि आग पर साढ़े चार घंटे में काबू पा लिया गया लेकिन स्थल को ठंडा करने का अभियान बृहस्पतिवार सुबह तक जारी रहेगा।
गर्ग ने बताया कि मौके पर दमकल की पांच और गाड़ियों को बाद में भेजा गया।
घटना के प्रत्यशदर्शी और एक ट्रांसपोर्ट एजेंसी के मालिक गुरनेक सिंह (32) ने कहा कि आग सुबह करीब 11 बजे लगी और देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने कहा, “मेरे चालकों और मैंने पानी और अग्निशामक से आग को बुझाने की कोशिश की।”
उनकी एजेंसी का दफ्तर घटनास्थल के पास ही है।
अग्निशमन विभाग ने कहा कि आग लगने के कारण का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
भाषा
नोमान नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
