नयी दिल्ली, 28 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच मनीष सिसोदिया तथा सत्येंद्र जैन के दिल्ली मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने को मंगलवार को ‘‘सच्चाई तथा पार्टी कार्यकर्ताओं की जीत’’ बताया और दावा किया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी इस्तीफा देना पड़ेगा।
उपमुख्यमंत्री सिसोदिया को सीबीआई ने 2021-22 के लिए अब रद्द की जा चुकी दिल्ली शराब नीति के निर्माण और कार्यान्वयन में कथित भ्रष्टाचार के संबंध में रविवार शाम को गिरफ्तार किया था। वहीं, जैन पिछले साल मई से धन शोधन के एक मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं।
दोनों मंत्रियों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया, जिसे स्वीकार कर लिया गया है।
आम आदमी पार्टी (आप) पर दबाव बढ़ने के बीच भाजपा की दिल्ली इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा तथा पार्टी सांसद मनोज तिवारी ने आप तथा उसके सुप्रीमो पर निशाना साधा।
सचदेवा ने कहा, ‘‘भाजपा का संघर्ष रंग लाया। हम मांग कर रहे थे कि मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को इस्तीफा देना पड़ेगा और जेल जाना पड़ेगा। आज मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को शर्म के मारे उनका इस्तीफा लेना पड़ा। यह भाजपा कार्यकर्ताओं की जीत है, सच की जीत है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल ‘‘शराब घोटाले के सूत्रधार’’ हैं और दावा किया कि उन्हें भी ‘‘इस्तीफा देना पड़ेगा।’’
दोनों मंत्रियों के इस्तीफा देने के तुरंत बाद जारी एक वीडियो में सचदेवा ने यह दावा करते हुए केजरीवाल पर निशाना साधा कि ‘‘शराब घोटाला उनकी मिलीभगत से और उनकी नाक के नीचे हुआ। आप इसके लिए जिम्मेदार है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आपका इस्तीफा मांगने का हमारा संघर्ष जारी रहेगा। यह लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई।’’
उच्चतम न्यायालय द्वारा सिसोदिया को जमानत देने का अनुरोध करने वाली याचिका पर सुनवाई करने से इनकार करने का हवाला देते हुए भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने ट्वीट किया, ‘‘उच्चतम न्यायालय की जबरदस्त फटकार से आप की नींद टूटी…आखिरकार मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को देना ही पड़ा इस्तीफा। केजरीवाल जी नैतिकता के आधार पर इस्तीफा तो आपका भी बनता है।’’
दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी ने सोमवार को मांग की थी कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को मनीष सिसोदिया तथा सत्येंद्र जैन को मंत्रिमंडल से तत्काल हटाना चाहिए।
बिधूड़ी ने कहा था, ‘‘दिल्ली मंत्रिमंडल में फौरन फेरबदल किया जाना चाहिए।’’
बिधूड़ी ने भी एक वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली की जनता की जीत हुई। भ्रष्ट मंत्रियों मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को मंत्रिमंडल से इस्तीफा देना पड़ा। जेल से सरकार चलाने का पाप बंद करना पड़ा। भ्रष्ट मंत्रियों को बचाने की केजरीवाल की सारी कोशिशें फेल हो गयीं।’’
भाषा
गोला दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
