नयी दिल्ली, 26 फरवरी (भाषा) दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किये जाने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सिसोदिया के घर जाकर उनके परिवार से मुलाकात की।
उप मुख्यमंत्री सिसोदिया को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने अब समाप्त की जा चुकी आबकारी नीति 2021-22 को बनाने और लागू करने में कथित भ्रष्टाचार के सिलसिले में गिरफ्तार किया है।
मान ने सिसोदिया की गिरफ्तारी के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की निंदा करते हुए कहा कि यह दिल्ली में लाखों बच्चों को मिल रही शिक्षा का अपमान है।
मान ने ट्वीट किया, ‘‘मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी असल में दिल्ली के लाखों बच्चों की शिक्षा की अवमानना है। स्कूल बनाने वाले को जेल भेजना भाजपा के एजेंडे का हिस्सा है।’’
इससे पहले आज दिन में जब सिसोदिया सीबीआई मुख्यालय के लिए निकले थे तो केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘हम आपके परिवार का ख्याल रखेंगे मनीष। चिंता मत करना।’’
भाषा वैभव नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
