नयी दिल्ली, 23 फरवरी (भाषा) अमेरिका के पूर्व वित्त मंत्री और हार्वर्ड विश्वविद्यालय के पूर्व अध्यक्ष लैरी समर्स ने अडाणी समूह के संकट की तुलना ‘एनरॉन’ संकट से की है।
उन्होंने कहा कि भारत संभवत: एनरॉन जैसे क्षण का सामना कर रहा है, जब 2001 में इस अमेरिकी ऊर्जा कंपनी में लेखा घोटाला उजागर हुआ था।
समर्स ने पिछले हफ्ते ब्लूमबर्ग के ‘वॉल स्ट्रीट सप्ताह’ में कहा, ”हमने शो में इस बारे में बात नहीं की है, लेकिन भारत में एक तरह का संभावित एनरॉन क्षण आया है।”
समर्स ने हालांकि अडाणी समूह का नाम नहीं लिया, लेकिन वह उस संकट का जिक्र कर रहे थे, जिसका सामना समूह अमेरिकी वित्तीय शोध कंपनी और शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च की एक विस्फोटक रिपोर्ट आने के बाद से कर रहा है। अडाणी ने सभी आरोपों का खंडन किया है।
उन्होंने कहा, ”और मैं कल्पना करता हूं कि भारत दुनिया के सबसे बड़े देश के रूप में उभर रहा है और (जी20 की) बैठक भारत में हो रही है, वहां उपस्थित सभी लोगों में यह जिज्ञासा होगा कि अब आगे क्या होगा और क्या इसका भारत के लिए कोई बड़ा प्रणालीगत प्रभाव होने वाला है।”
समर्स ने जी20 की बैठकों का जिक्र करते हुए यह टिप्पणी की, जिसकी मेजबानी इस साल भारत कर रहा है।
भाषा पाण्डेय रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
