(फोटो के साथ)
गुवाहाटी/नयी दिल्ली, 23 फरवरी (भाषा) कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ उनकी कथित टिप्पणी के संबंध में दिल्ली-रायपुर की उड़ान से उतारे जाने के बाद असम पुलिस ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी में हवाई अड्डे पर गिरफ्तार कर लिया।
उधर, उच्चतम न्यायालय ने पवन खेड़ा की याचिका पर सुनवाई के बाद उन्हें अंतरिम जमानत प्रदान करते हुए 28 फरवरी तक गिरफ्तारी से संरक्षण प्रदान किया। प्रधान न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली तीन-न्यायाधीशों की पीठ ने कहा कि दिल्ली में सक्षम मजिस्ट्रेट के सामने पेश किए जाने पर खेड़ा को अंतरिम जमानत पर रिहा कर दिया जाये। न्यायालय ने खेड़ा के खिलाफ दर्ज प्राथमिकियों को एक साथ जोड़ने को लेकर असम व उत्तर प्रदेश सरकारों से भी जवाब मांगा।
इससे पूर्व पुलिस ने कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख खेड़ा को जब गिरफ्तार किया उस वक्त वह पार्टी के राष्ट्रीय महाधिवेशन में भाग लेने के लिए रायपुर जा रहे थे। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘उन्हें असम पुलिस के अनुरोध पर दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था। हम सिर्फ उनका (असम पुलिस) सहयोग कर रहे थे। उन्हें गिरफ्तार किया गया है।’’
खेड़ा के खिलाफ प्रधानमंत्री के बारे में उनकी कथित टिप्पणी के लिए असम के हाफलोंग थाने में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें 153 बी (राष्ट्रीय एकता के खिलाफ प्रभाव डालने वाले बयान देना, लांछन लगाना), 500 (मानहानि) और 504 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) शामिल हैं।
दीमा हसाओ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मयंक कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मोदी और अन्य मुद्दों पर खेड़ा की टिप्पणियों को लेकर बुधवार को सैमुअल चांगसन नामक व्यक्ति ने हाफलोंग पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
एसपी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के खिलाफ उनकी (खेड़ा) टिप्पणी प्राथमिकी का एक हिस्सा है। अन्य शिकायतें भी हैं। आईपीसी की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।’’
कुमार ने कहा कि धाराएं गैर जमानती हैं और पुलिस की एक टीम मामले की जांच के लिए पहले ही राष्ट्रीय राजधानी जा चुकी है।
इससे पूर्व खेड़ा को दिल्ली पुलिस ने विमान से उतारने के लिए कहा था। कांग्रेस नेता विरोध में धरने पर बैठ गए और बिना गिरफ्तारी वारंट के उन्हें ले जाने पर एतराज जताया। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बाद में असम पुलिस से लेकर एक दस्तावेज उन्हें सौंपा जिसमें उन्होंने खेड़ा को हिरासत में लेने में मदद मांगी थी।
खेड़ा के विमान से उतरने के बाद पार्टी के कई नेता विमान से उतर गए और वहीं धरने पर बैठ गए। खेड़ा के साथ कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल, महासचिव रणदीप सुरजेवाला, तारिक अनवर, अविनाश पांडे, प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और कई नेता धरने पर बैठे। कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
घरेलू हवाई अड्डे के टर्मिनल-एक पर हंगामा बढ़ने पर फ्लाइट स्टाफ ने बताया कि खेड़ा के बैग को लेकर कुछ भ्रम की स्थिति थी। उन्होंने कहा कि पुलिस आने वाली है और वह खेड़ा को स्थिति से अवगत कराएगी।
उड़ान में मौजूद कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने ट्विटर पर कहा, ‘‘हम सभी इंडिगो की रायपुर जाने वाली 6ई 204 उड़ान में थे और अचानक मेरे साथी पवन खेड़ा को विमान से नीचे उतरने के लिए कहा गया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह किस तरह की मनमानी है? कोई कानून का शासन है या नहीं? यह किस आधार पर और किसके आदेश पर किया जा रहा है?’’
कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने खेड़ा को रायपुर जाने वाली उड़ान से नीचे उतारे जाने के बाद सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या भारत ‘‘बनाना रिपब्लिक’’ बन गया है। उन्होंने कहा कि खेड़ा को विमान से नीचे उतारा जाना निंदनीय है।
इस बीच, इंडिगो के अधिकारियो ने कहा कि सभी यात्रियों को दूसरे विमान से रायपुर ले जाया जाएगा।
भाषा आशीष पवनेश
पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
