scorecardresearch
Saturday, 28 February, 2026
होमखेलस्मृति की अर्धशतकीय पारी से भारत ने आयरलैंड को दिया 156 रन का लक्ष्य

स्मृति की अर्धशतकीय पारी से भारत ने आयरलैंड को दिया 156 रन का लक्ष्य

Text Size:

गक्बेरहा, 20 फरवरी (भाषा) सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना की 87 रन की ताबड़तोड़ पारी से भारत ने महिला टी20 विश्व कप के ग्रुप दो के अपने आखिरी लीग मुकाबले में सोमवार को यहां आयरलैंड के खिलाफ  छह विकेट पर 155 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।

भारतीय टीम अगर इस मैच को जीतती है तो इंग्लैंड के साथ इस ग्रुप से सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लेगी।

वामहस्त बल्लेबाज मंधाना ने 56 गेंद की आकर्षक पारी में नौ चौके और तीन छक्के जड़े। उन्होने शेफाली वर्मा ( 24) के साथ पहले विकेट के लिए 62 और कप्तान हरमनप्रीत कौर (13) के साथ दूसरे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलायी।

बल्लेबाजी के लिए मुश्किल पिच पर शेफाली और हरमनप्रीत रन बनाने के लिए संघर्ष करती दिखी लेकिन स्मृति पर इसका कोई असर नहीं हुआ। शेफाली ने 29 गेंद की पारी में तीन चौके लगाये जबकि हरमनप्रीत 20 गेंद की पारी में एक भी चौका लगाने में विफल रही।

आयरलैंड के लिए लॉरा डेलेनी ने तीन जबकि ऑर्ला प्रेंडरगस्ट ने दो विकेट चटकाये। आर्लीन केली को एक सफलता मिली।

भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। स्मृति और शेफाली ने शुरुआती 10 ओवर के अंदर 62 रन जोडे। शेफाली एक बार फिर अपनी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रही। वह कप्तान डेलेनी की गेंद पर आउट होकर पवेलियन लौटी।

हरमनप्रीत जहां रन बनाने के लिए संघर्ष कर रही थी वही स्मृति गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाने के साथ साथ दौड़ कर रन चुरा रही थी। उन्होंने लेग स्पिनर कारा मुर्रे पर छक्के के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया।

इसके बाद उन्होंने आक्रामक रुख अपनाते हुए जॉर्जीना डेम्पसी के खिलाफ लगातार दो चौके लगाये। उन्होंने इस गेंदबाज के खिलाफ छक्का भी लगाया।

डेनेली ने लगातार गेंदों पर हरमनप्रीत और ऋचा घोष (शून्य) को आउट कर मैच में आयरलैंड की वापसी करायी।

स्मृति पर हालांकि इसका कोई असर नहीं हुआ उन्होंने  केली के खिलाफ दो चौके जड़ने के बाद डेनेली के ओवर में चौका और छक्का लगाया।

वह एक और छक्का लगाने की कोशिश में  प्रेंडरगस्ट की गेंद पर लपकी गयी। अगली गेंद पर दीप्ति शर्मा (शून्य) भी पवेलियन लौट गयी।

जेमिमा रोड्रिग्स ने आखिरी ओवर में दो चौके लगाकर टीम के स्कोर को 150 के पार पहुंचाया। वह आखिरी गेंद पर स्टंप आउट हुई। उन्होंने 12 गेंद में तीन चौकों की मदद से 19 रन बनाये।

भाषा आनन्द पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments