scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमदेशकर्नाटक कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के 10 आकांक्षी, मैं भी उनमें से एक: परमेश्वर

कर्नाटक कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के 10 आकांक्षी, मैं भी उनमें से एक: परमेश्वर

Text Size:

तुमकुरु (कर्नाटक), 16 फरवरी (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जी परमेश्वर ने बृहस्पतिवार को स्वीकार किया कि अप्रैल-मई में होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी के सत्ता में आने की स्थिति में वह मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में शामिल हैं।

पांच बार के विधायक परमेश्वर ने कहा कि पार्टी के चुनाव जीतने के बाद पार्टी आलाकमान अगले मुख्यमंत्री के बारे में फैसला करेगा और कहा कि मौका दिये जाने की स्थिति में वह तैयार हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी के शिवकुमार और विधायक दल के नेता सिद्धरमैया कांग्रेस के सत्ता में आने की स्थिति में पहले से ही मुख्यमंत्री पद की महत्वाकांक्षाएं पाले हुए हैं और अपनी आकांक्षाओं को लेकर काफी मुखर भी हैं।

कांग्रेस के सत्ता में आने पर एक दलित को मुख्यमंत्री बनाये जाने की संभावना के संबंध में एक सवाल पूछे जाने पर परमेश्वर ने कहा, ‘‘हम किसी की जाति के आधार पर मुख्यमंत्री नहीं बनाते, उस समय की स्थिति में जो भी सक्षम होता है, जो भी पार्टी के अभियान और उसके सिद्धांतों को पूरा करने की क्षमता रखता है, उसके आधार पर मुख्यमंत्री चुना जाता है। इसका चयन इसके आधार पर नहीं किया जाता कि कोई दलित है या अन्य जाति से है।’’

मुख्यमंत्री पद की उनकी आकांक्षा के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘मैं राजनीति क्यों कर रहा हूं? सत्ता में आने के लिए … सभी की आकांक्षाएं होती हैं, हमारी पार्टी में लगभग 10 लोगों की आकांक्षाएं हैं, मैं भी उनमें से एक हूं।’’

परमेश्वर, एक दलित हैं और एच डी कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली कांग्रेस-जद (एस) गठबंधन सरकार के दौरान उपमुख्यमंत्री थे।

परमेश्वर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लिए संभावनाएं ‘बहुत अच्छी’ हैं और विश्वास है कि पार्टी 100 फीसदी सरकार बनाएगी और ‘‘सभी सर्वेक्षण भी हमें आगे दिखा रहे हैं।’’

भाषा अमित माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments