नयी दिल्ली, 13 फरवरी (भाषा) कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि राज्यसभा सभापित जगदीप धनखड़ ने स्वयं सदन में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा की गई टिप्पणियों को दोहराया और फिर उन्हें रिकॉर्ड से हटा दिया।
राज्यसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘मैंने आज पाया कि नेता प्रतिपक्ष और मेरी कुछ टिप्पणियों को रिकॉर्ड से हटा दिया गया है। यह हमारी सहयोगी रजनी पाटिल के निलंबन से संबंधित है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन यह हस्यास्पद है कि इस प्रक्रिया में आसन ने खरगे की टिप्पणियों को दोहराया और उनके द्वारा किए गए उल्लेख को भी हटा दिया गया।’’ अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी (एआईसीसी) के महासचिव ने इसके साथ ही सभापति द्वारा स्वयं हटाई गई टिप्पणी को साझा किया।
गौरतलब है कि संसद के उच्च सदन में सोमवार को कोई कामकाज नहीं हो सका और बजट सत्र का पहला हिस्सा अडाणी समूह से जुड़े विवाद और कांग्रेस सदस्य रजनी पाटिल को निलंबित करने के मुद्दे पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे की भेंट चढ़ गया है।
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
