scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमदेशन जांच कराएंगे, न जवाब देंगे, प्रधानमंत्री बस अपने ‘मित्र’ का साथ देंगे: राहुल

न जांच कराएंगे, न जवाब देंगे, प्रधानमंत्री बस अपने ‘मित्र’ का साथ देंगे: राहुल

Text Size:

नयी दिल्ली, आठ फरवरी (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्तब्ध थे और वह उद्योगपति गौतम अडाणी का बचाव कर रहे हैं।

राहुल ने तंज किया कि प्रधानमंत्री मोदी न जांच कराएंगे, न जवाब देंगे, बस अपने ‘मित्र’ का साथ देंगे।

कांग्रेस नेता ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘अगर (अडाणी)मित्र नहीं हैं तो यह कह देते कि जांच होगी।’’

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘प्रधानमंत्री स्तब्ध थे। उनसे कुछ सवाल किये थे, जिनके जवाब नहीं मिले।’

राहुल ने कहा, ‘‘ यह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा विषय है। भारत के बुनियादी ढांचे से जुड़ा विषय है। ये बहुत बड़ा घपला है। इस बारे में प्रधानमंत्री ने कुछ नहीं कहा।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘प्रधानमंत्री उनका (अडाणी) बचाव कर रहे हैं। मैं समझता हूं। इसका कारण है।’’

बाद में उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘न जांच कराएंगे, न जवाब देंगे – प्रधानमंत्री जी बस अपने ‘मित्र’ का साथ देंगे।’’

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, ‘‘ध्यान भटकाओ, बदनाम करो, इनकार करो। यही प्रधानमंत्री की शैली है जो संसद में उनके कथित जवाब में नजर आई। उन्होंने अपने पसंददीदा कारोबारी अडाणी और उनके घोटालों के बारे में एक शब्द भी नहीं बोला।’’

राहुल ने अपनी कुछ टिप्पणी लोकसभा की कार्यावही से हटाए जाने के बाद सवाल किया कि ऐसा क्यों किया गया है?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि दुनिया में कोरोना महामारी सहित अनेक संकटपूर्ण हालात के बीच देश को जिस तरह से संभाला गया, उससे पूरा देश आत्मविश्वास से भर रहा है एवं पूरे विश्व में भारत को लेकर सकारात्मकता, आशा और भरोसा है।

उन्होंने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए विपक्षी कांग्रेस पर भी निशाना साधा।

भाषा हक नोमान रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments