नयी दिल्ली, आठ फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को इजराइल के अपने समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बात की और इस दौरान उन्होंने दोनों देशों के संबंधों को और प्रगाढ़ करने तथा रक्षा व सुरक्षा के क्षेत्र में जारी सहयोग को लेकर चर्चा की।
मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ बात की और बहुआयामी भारत-इजराइल दोस्ती को मजबूत करने, नवाचार पर साझेदारी को प्रगाढ़ करने तथा रक्षा और सुरक्षा में मौजूदा सहयोग पर चर्चा की।’’
पिछले एक महीने के भीतर मोदी और नेतन्याहू के बीच यह दूसरी बातचीत थी। गत 11 जनवरी को मोदी और नेतन्याहू ने दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई थी।
मोदी ने नेतन्याहू को प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी और दोनों देशों के बीच निरंतर सहयोग के महत्व पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने नेतन्याहू को जल्द से जल्द भारत आने का निमंत्रण भी दिया था।
नेतन्याहू (73) ने पिछले साल 29 दिसंबर को छठी बार इजराइल के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी।
भाषा ब्रजेन्द्र पवनेश आशीष
आशीष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
