scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशअमीरों पर कर लगाएं, बुनियादी ढांचे में निवेश करें, नौकरियां पैदा करें: येचुरी

अमीरों पर कर लगाएं, बुनियादी ढांचे में निवेश करें, नौकरियां पैदा करें: येचुरी

Text Size:

नयी दिल्ली, एक फरवरी (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी ने बुधवार को प्रस्तुत बजट को लेकर केंद्र पर निशाना साधा और मांग की कि अति धनाढ्यों पर कर लगाया जाए तथा बुनियादी ढांचे में निवेश के साथ युवाओं को रोजगार मुहैया कराया जाए।

येचुरी ने ‘‘पीटीआई-भाषा’’ के साथ एक वीडियो साक्षात्कार में आरोप लगाया कि बजट महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक सुस्ती के मुद्दे पर ध्यान देने में विफल रहा है। उन्होंने कहा कि बजट का फोकस जनता की क्रय शक्ति बढ़ाने और घरेलू मांग पैदा करने पर होना चाहिए।

येचुरी ने कहा, ‘‘ऐसा किया जा सकता था यदि आप अमीरों और विशेष रूप से उन अमीरों पर कर लगाने के इच्छुक होते जिन्होंने अप्रत्याशित लाभ कमाया। पिछले दो वर्षों में उत्पन्न धन का लगभग 14.5 प्रतिशत एक प्रतिशत भारतीय लोगों के पास गया, जो कि सबसे अमीर हैं। उन पर कर लगाओ।’’

उन्होंने कहा कि ‘‘अमीरों को रियायतें देने के बजाय’’ सरकार को बुनियादी ढांचे में निवेश करना चाहिए और युवाओं के लिए करोड़ों नयी नौकरियां सृजित करनी चाहिए।

येचुरी ने कहा, ‘‘इसके बजाय अमीरों को अधिक रियायतें दी गईं और यहां तक कि उच्चतम कर ब्रैकेट को भी कम कर दिया। वित्त मंत्री ने घोषणा की कि इन कर रियायतों से आने वाले वर्ष के लिए राजस्व संग्रह के मामले में 35,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इस तरह से अर्थव्यवस्था सिकुड़ रही है।’’

भाषा आशीष वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments