गुवाहाटी, एक फरवरी (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को पेश केंद्रीय बजट को ‘ऐतिहासिक’ बताया जो नए भारत के पुनरुत्थान के मूल सिद्धांतों को मजबूत बनाएगा।
शर्मा ने कहा कि यह बजट पीएम विकास, राष्ट्रीय अपरेंटिस कार्यक्रम, पीएम कौशल विकास योजना 4.0 और डिजिटल अर्थव्यवस्था एवं हरित अर्थव्यवस्था में व्यापक निवेश के माध्यम से नौकरी के नए अवसर पैदा करने में मदद करेगा।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘आदरणीय नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में, भारत ने परिवर्तनकारी सामाजिक-आर्थिक और आध्यात्मिक बदलाव देखा है। वर्ष 2014 के बाद से प्रति व्यक्ति आय दोगुनी से अधिक हो गई है और भारत 2023 में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है।’’
उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे में 13 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड आवंटन से अर्थव्यवस्था को काफी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा, ‘‘अमृतकाल में माननीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट वास्तव में ऐतिहासिक है। यह नए भारत के आर्थिक मूल सिद्धांतों को मजबूत करेगा।’’
भाषा अविनाश संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
