scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशसर्द हवाएं चलने से दिल्ली में अधिकतम पारा सामान्य से कम दर्ज किया गया

सर्द हवाएं चलने से दिल्ली में अधिकतम पारा सामान्य से कम दर्ज किया गया

Text Size:

नयी दिल्ली, एक फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में सर्द हवाएं चलने की वजह से अधिकतम तापमान बुधवार को सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।

दिल्ली में अधिकतम पारा 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री सेल्सियस कम था। हालांकि न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस वक्त के मौसम के हिसाब से सामान्य है।

साक्षेप आर्द्रता का स्तर 53 फीसदी से 100 प्रतिशत के बीच रहा।

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को आसमान के मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान जताया है, जबकि न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: नौ और 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

दिल्ली का 24 घंटे का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 164 दर्ज किया गया।

पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अंतर्गत वायु गुणवत्ता की निगरानी करने वाली संस्था “सफर” के मुताबिक, हवा की गुणवत्ता अगले दो दिन के दौरान ‘मध्यम’ या इससे थोड़ी ऊपर रह सकती है।

उसने कहा, “अगले तीन दिनों के दौरान सतही हवा गति (14 से 25 किलोमीटर प्रतिघंटा) और तापमान (अधिकतम 20-23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम पारा 8-9 डिग्री सेल्सियस) वायु गुणवत्ता में सुधार कर सकता है।”

‘सफर’ के मुताबिक, वायु गुणवत्ता बृहस्पतिवार को सुधर सकती है, लेकिन यह ‘मध्यम’ स्तर में ही रहेगी। उसने बताया कि अगले छह दिनों के दौरान वायु गुणवत्ता मुख्य रूप से ‘मध्यम’से ‘खराब’ श्रेणी के बीच रह सकती है।

शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

भाषा नोमान सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments