नयी दिल्ली, 30 जनवरी (भाषा) केरल उच्च न्यायालय द्वारा हत्या के प्रयास के मामले में मौजूदा सांसद मोहम्मद फैजल की दोषसिद्धि और सजा की तामील को निलंबित करने के बाद निर्वाचन आयोग ने लक्षद्वीप का लोकसभा उपचुनाव रोक दिया।
आयोग ने हाल में उपचुनाव कराने की घोषणा की थी और यह 27 फरवरी को होना था। कवारती में एक सत्र अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने के आधार पर फैजल को अयोग्य ठहराए जाने के बाद उपचुनाव की घोषणा की गई थी।
फैजल ने उस आदेश के खिलाफ उच्च न्यायालय का रुख किया था। उच्च न्यायालय ने उनकी दोषसिद्धि और सजा की तामील पर रोक लगा दी।
निर्वाचन आयोग ने एक बयान में कहा, ‘‘मामले पर विचार करने और केरल के उच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश के संबंध में…निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव को रोकने और उपचुनाव कराने के लिए अधिसूचना जारी करने को स्थगित करने का फैसला किया है।’’
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
