scorecardresearch
Tuesday, 24 March, 2026
होमदेशहिमाचलः मुख्यमंत्री ने विकास परियोजनाओं को वन विभाग से मंजूरी में तेजी के आदेश दिए

हिमाचलः मुख्यमंत्री ने विकास परियोजनाओं को वन विभाग से मंजूरी में तेजी के आदेश दिए

Text Size:

शिमला, 28 जनवरी (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को एफसीए के तहत वन विभाग की मंजूरी में तेजी लाने पर जोर दिया ताकि विकास परियोजनाओं पर काम निर्धारित समय के भीतर पूरा किया जा सके।

वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों, पर्यटन परियोजनाओं, शैक्षणिक संस्थानों, सड़कों और इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशनों के निर्माण के मामलों में समय सीमा का पालन किया जाना चाहिए।

सुक्खू ने कहा कि सरकार महत्वपूर्ण परियोजनाओं को क्रियान्वित करने के साथ ही विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग इस पहल की निगरानी के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करेगा और जिला वन अधिकारियों की मदद से काम करेगा।

उन्होंने कहा कि प्रतिपूरक वनीकरण कोष प्रबंधन एवं योजना प्राधिकरण (कैम्पा) से धन को ऊर्जा-बचत क्षेत्र पर खर्च करने की आवश्यकता है और राज्य प्राधिकरण के शासी निकाय की बैठक बुलाने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वन विभाग के सभी सिविल और अन्य निर्माण कार्य अब लोक निर्माण विभाग और अन्य एजेंसियों द्वारा किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि दुनियाभर में जलवायु परिस्थितियों में तेजी से बदलाव को देखते हुए वनीकरण अभियान पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

कैबिनेट द्वारा मुख्यमंत्री को बताया गया कि प्रथम चरण में वन विभाग द्वारा 256.50 हेक्टेयर भूमि पर पौधारोपण के लिए 15 स्थल चिन्हित किये गये हैं।

भाषा देवेंद्र पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments