नयी दिल्ली, 27 जनवरी (भाषा) दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में 12 करोड़ रुपये की मरम्मत और पुनर्विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी है।
इन परियोजनाओं में 2.10 करोड़ रुपये की लागत से एंड्रयूज गंज और नेहरू प्लेस फ्लाईओवर की मरम्मत और पुनर्विकास के अलावा 9.90 करोड़ रुपये की लागत से भारत नगर से तिमारपुर तक नजफगढ़ नाले के छह स्थानों पर पुलिया का निर्माण शामिल है।
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा, ‘‘लोक निर्माण विभाग नियमित रूप से विभिन्न स्थानों पर आधारभूत संरचना का आकलन कर रहा है और समय-समय पर उनका रख-रखाव सुनिश्चित कर रहा है ताकि आने-जाने वालों को कोई असुविधा न हो।’’
सिसोदिया ने कहा, ‘‘इसके बाद हाल ही में दो नयी परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। एंड्रयूज गंज और नेहरू प्लेस फ्लाईओवर की मरम्मत और पुनर्विकास से यह दोनों फ्लाईओवर 20 साल और टिके रहेंगे। नजफगढ़ नाले पर पुलियाओं की मरम्मत और पुनर्विकास से ये पुलिया लंबे समय तक टिकी रहेंगी तथा ये यात्रियों के लिए और अधिक सुरक्षित होंगी।’’
इन फ्लाईओवर का काम छह माह में पूरा कर लिया जाएगा। लंबे समय से रुकी हुई पुलियाओं की मरम्मत नौ माह में पूरी कर ली जाएगी।
सिसोदिया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे निर्धारित समय में काम पूरा करें और सुनिश्चित करें कि काम के दौरान जनता को कोई असुविधा न हो।
भाषा रवि कांत नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
