नयी दिल्ली, 27 जनवरी (भाषा) भारत ने शुक्रवार को देश की जेलों में बंद 17 पाकिस्तानी नागरिकों को उनके वतन वापस भेज दिया। यहां पाकिस्तान उच्चायोग ने यह जानकारी दी।
पाकिस्तान के मिशन ने ट्वीट किया, ‘‘पाकिस्तान उच्चायोग, पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अथक प्रयासों और भारतीय पक्ष के सहयोग के बाद भारत की जेलों में बंद 17 पाकिस्तानी नागरिकों को आज अटारी-वाघा सीमा के रास्ते वापस भेजा गया।’’
इसने कहा, ‘‘सभी पाकिस्तानी कैदी अपनी सजा पूरी करके भारत से वापस जाएं, इस दिशा में हमारे प्रयास जारी रहेंगे।’’
भारत ने एक जनवरी को देश की जेलों में बंद 339 पाकिस्तानी असैन्य कैदियों और 95 पाकिस्तानी मछुआरों की सूचियां पाकिस्तान के साथ साझा की थीं।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में यह जानकारी दी थी।
इसने कहा था कि पाकिस्तान ने अपनी हिरासत में बंद 51 असैन्य कैदियों और 654 मछुआरों की सूचियां साझा की थीं, जो भारतीय हैं या भारतीय माने जाते हैं।
भाषा वैभव नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
