तिरुवनंतपुरम, 26 जनवरी (भाषा) केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) ने बृहस्पतिवार को यहां बीबीसी के विवादास्पद वृत्तचित्र ‘इंडिया: द मोदी क्वेश्चन’ का प्रदर्शन किया।
केपीसीसी के महासचिव जी एस बाबू ने कहा कि गुजरात में हुए 2002 के गोधरा दंगों पर आधारित बीबीसी के वृत्तचित्र को पहली बार यहां केपीसीसी मुख्यालय में अपने कर्मचारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए प्रदर्शित किया गया।
जी एस बाबू ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘हमें आम जनता से वृत्तचित्र के प्रदर्शन के लिए सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। इसे देखने के लिए काफी संख्या में लोग उमड़ पड़े। सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए हम इसे पूरे राज्य में विभिन्न स्थानों पर दिखाएंगे।’’
गौरतलब है कि बीबीसी ने ‘इंडिया : द मोदी क्वेश्चन’ शीर्षक से दो भाग में एक नयी श्रृंखला तैयार की है। बीबीसी का दावा है कि यह सीरीज गुजरात में 2002 में हुए दंगों के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल करती है। गुजरात दंगे के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राज्य के मुख्यमंत्री थे।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने दो भागों वाले इस वृत्तचित्र को ‘‘दुष्प्रचार का एक हिस्सा’’ करार देते हुए सिरे से खारिज किया है और कहा है कि इसमें निष्पक्षता की कमी, पूर्वाग्रह और औपनिवेशिक मानसिकता स्पष्ट रूप से झलकती है।
भारत ने बीबीसी के वृत्तचित्र ‘इंडिया : द मोदी क्वेश्चन’ का लिंक साझा करने वाले कई यूट्यूब वीडियो और ट्विटर पोस्ट को 21 जनवरी को ब्लॉक करने के निर्देश जारी किए थे।
भाषा रवि कांत नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
