नयी दिल्ली, 26 जनवरी (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के द्वारका इलाके में एक ऑटोरिक्शा चालक की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना बुधवार देर रात द्वारका के सेक्टर-13 इलाके में हुई। उन्होंने कहा कि संदेह है कि ऑटोरिक्शा में मौजूद दो लोग इस घटना में शामिल थे।
मृतक की पहचान मुनीरका निवासी अनार सिंह (44) के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि उसकी गर्दन पर चाकू से हमला किया गया।
पुलिस उपायुक्त (द्वारका) एम हर्षवर्धन ने कहा कि पुलिस को बुधवार देर रात करीब दो बजे इसकी सूचना मिली।
पुलिस ने डकैती की आशंका से इंकार किया है क्योंकि सिंह का मोबाइल फोन और उसका बटुआ सहित सामान बरामद कर लिया गया है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
वर्धन ने बताया कि द्वारका नॉर्थ थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दिल्ली ऑटोरिक्शा संघ के महासचिव राजेंद्र सोनी ने कहा, ‘घटना के बाद कुछ ऑटो चालकों ने घटना के विरोध में थाने के पास प्रदर्शन किया और मृतक के लिए न्याय की मांग की। हम पीड़ित के परिवार के लिए मुआवजे की भी मांग करते हैं।’’
भाषा अविनाश माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
