नोएडा, 26 जनवरी (भाषा) गौतमबुद्ध नगर के नोएडा में बीती रात को हुए एक सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बीती रात को थाना सेक्टर 20 क्षेत्र के सेक्टर 31/25 चौराहे के पास एलिवेटेड मार्ग पर गाजियाबाद की ओर से तेजी से आ रही एक कार के चालक ने मारुति वैन को पीछे से टक्कर मार दी।
उन्होंने बताया कि मारुति वैन में सवार छह व्यक्ति व कार में सवार दो व्यक्ति इस घटना में घायल हो गए।
उन्होंने बताया घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर मारुति वैन में सवार दिल्ली के बदरपुर निवासी सुमंत कुमार सिंह पुत्र पवन कुमार सिंह (उम्र 17 वर्ष) की मृत्यु हो गई।
उन्होंने बताया कि अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को वहां से हटवाकर यातायात को सुचारू रूप से चालू कराया।
भाषा सं. संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
