scorecardresearch
Wednesday, 18 March, 2026
होमदेशमहाराष्ट्र: शिवसेना (यूबीटी) और प्रकाश आंबेडकर की पार्टी वीबीए के बीच गठबंधन का ऐलान

महाराष्ट्र: शिवसेना (यूबीटी) और प्रकाश आंबेडकर की पार्टी वीबीए के बीच गठबंधन का ऐलान

Text Size:

(तस्वीर के साथ)

मुंबई, 23 जनवरी (भाषा) शिवसेना (यूबीटी) और प्रकाश आंबेडकर की पार्टी वंचित बहुजन आघाड़ी (वीबीए) ने महाराष्ट्र के कई शहरों में निकाय चुनाव से पहले, सोमवार को, शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे की जयंती पर गठबंधन का ऐलान किया।

यहां संयुक्त प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि उनके दादा केशव ठाकरे और प्रकाश आंबेडकर के दादा भीम राव आंबेडकर समकालीन थे और एक-दूसरे की सराहना करते थे। उन्होंने कहा कि दोनों ने ही साामजिक बुराइयों और कुप्रथाओं को खत्म करने के लिए काम किया।

केशव ठाकरे को प्रबोधनकर ठाकरे के रूप में भी जाना जाता है। उद्धव ने कहा कि इन दिनों राजनीति में कुछ कुरीतियां हैं, जिनके उन्मूलन के लिए इन दोनों नेताओं (केशव ठाकरे और भीम राव आंबेडकर) के वंशज तथा उनसे जुड़े लोग एकजुट हुए हैं।

उद्धव ने कहा,‘‘हम यह सुनिश्चित करने के लिए एकजुट हुए हैं कि लोकतंत्र बरकरार रहे।’’ महाराष्ट्र और केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का नाम लिये बगैर उद्धव ने कहा कि देश निरंकुश शासन की ओर बढ़ रहा है।

मुंबई, ठाणे और पुणे समेत कई नगर निगमों और नगर निकायों का कार्यकाल पिछले साल समाप्त हो गया था, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण चुनाव नहीं हो सके।

मुंबई और ठाणे समेत कई शहरों में होने वाले नगर निकाय चुनावों से पहले गठबंधन के बारे में बात करते हुए आंबेडकर ने कहा कि वीबीए और शिवसेना (यूबीटी) का एकजुट होना परिवर्तन की राजनीति की शुरुआत है।

ठाकरे के इस कदम को राज्य में निकाय चुनाव से पहले दलितों के बीच समर्थन को मजबूत करने के रूप में देखा जा रहा है।

राज्य के विदर्भ क्षेत्र में वीबीए की उपस्थिति है और आंबेडकर ने वर्ष 1998 और 1999 में अकोला लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।

वीबीए ने वर्ष 2019 में ओवैसी की अगुवाई वाले ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन से गठजोड़ करके कई विधानसभा सीट पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस को नुकसान पहुंचाया था।

प्रकाश आंबेडकर ने कहा कि अभी यह गठबंधन केवल शिवसेना (यूबीटी) और वीबीए के बीच है, लेकिन उन्होंने उम्मीद जताई कि इसमें महा विकास आघाड़ी (एमवीए) के अन्य घटक दल (कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) भी शामिल होंगे।

जोगेंद्र कवाड़े की अगुवाई वाली एवं राज्य में दलित समुदाय में पैठ रखने वाली पीपुल्स रिपब्लिकन पार्टी (पीआरपी) ने पिछले महीने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की ‘बालासाहेबांची शिवसेना’ से हाथ मिला लिया था।

उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ दल भाजपा का रामदास अठावले की पार्टी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) के साथ पहले से ही गठबंधन है।

ठाकरे ने कहा कि एमवीए में वीबीए को शामिल करने को लेकर उन्हें कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की ओर से कोई विरोध नहीं दिखता।

भाषा संतोष मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments