scorecardresearch
Wednesday, 25 February, 2026
होमदेशहुब्बल्लि में रोडशो के दौरान बैरिकेड पार कर करीब पहुंचे लड़के की माला मोदी ने स्वीकार की

हुब्बल्लि में रोडशो के दौरान बैरिकेड पार कर करीब पहुंचे लड़के की माला मोदी ने स्वीकार की

Text Size:

हुब्बल्लि (कर्नाटक), 12 जनवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन करने से पहले बृहस्पतिवार को यहां एक रोडशो किया और इस दौरान बेरीकेड पार कर उनकी ओर दौड़े एक लड़के द्वारा दी गई एक माला उन्होंने स्वीकार की। सुरक्षाकर्मियों ने लड़के को तुरंत पकड़ लिया और उसे वहां से दूर ले गए। स्थानीय पुलिस लड़के से पूछताछ कर रही है।

सोशल मीडिया पर हुए सीधा प्रसारण और पुलिस अधिकारियों से घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, हाथ में माला लेकर प्रधानमंत्री मोदी के काफिले की ओर भागता दिख रहा लड़का प्रधानमंत्री मोदी के बहुत करीब पहुंचने में कामयाब रहा।

यह घटना उस समय हुई जब मोदी हवाई अड्डे से यहां 26वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन करने के लिए रेलवे खेल मैदान की ओर जा रहे थे। रास्ते में मोदी अपनी चलती कार के ‘रनिंग बोर्ड’ पर खड़े थे और सड़क के दोनों ओर कतार में खड़े लोगों की ओर हाथ हिला रहे थे।

प्रधानमंत्री ने कार के दरवाजे के ऊपर से माला लेने के लिए हाथ बढ़ाया लेकिन उक्त लड़के तक नहीं पहुंच सके। स्पेशन प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) कर्मियों ने लड़के के हाथ से माला पकड़ी और उसे प्रधानमंत्री को दे दिया। मोदी ने उक्त माला अपनी कार के अंदर रख ली। एसपीजी कर्मियों ने लड़के को तुरंत पकड़ लिया और उसे वहां से दूर ले गए।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने पीटीआई-भाषा को बताया कि उक्त लड़के से पूछताछ की जा रही है। हुब्बल्लि-धारवाड़ के पुलिस आयुक्त रमन गुप्ता ने कहा कि इस घटना को सुरक्षा में चूक नहीं कहा जा सकता है क्योंकि उन लोगों (जिन्हें सड़क के दोनों ओर खड़े होकर प्रधानमंत्री की ओर हाथ हिलाने और उनका अभिवादन करने की अनुमति दी गई थी) की पूरी तलाशी ली गई थी और जांच की गई थी।

उन्होंने कहा, ‘‘हम इसे सुरक्षा चूक नहीं कह सकते क्योंकि हमने सड़क के दोनों ओर खड़े हर व्यक्ति की तलाशी और जांच की थी। यहां तक कि मालाओं का भी पूरी तरह से निरीक्षण किया गया था।’’

गुप्ता ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत 3,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था और पूरी सड़क पर बैरिकेडिंग की गई थी।

पुलिस आयुक्त ने कहा, ‘‘हालांकि अचानक यह बच्चा कूद गया और अप्रत्याशित रूप से प्रधानमंत्री की ओर दौड़ गया। यह घटना इसके बावजूद हुई कि हमने कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले प्रत्येक व्यक्ति को ‘‘क्या करना है और क्या नहीं करना है’’- इसके बारे में पूरी तरह से बता दिया था।’’

सोशल मीडिया पर हुए सीधा प्रसारण में दिखा कि रोडशो के दौरान रास्ते में मोदी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे, जिनमें से कई ‘मोदी, मोदी’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते नजर आए। लोगों ने कई जगह मोदी के काफिले पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाईं।

मोदी ने स्वामी विवेकानंद की जयंती पर यहां राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन किया।

भाषा अमित अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments