scorecardresearch
Wednesday, 25 February, 2026
होमदेशजबरन वसूली की कोशिश के आरोप में तीन गिरफ्तार

जबरन वसूली की कोशिश के आरोप में तीन गिरफ्तार

Text Size:

फरीदाबाद (हरियाणा), दो जनवरी (भाषा) रिश्वत देकर बिहार पुलिस में भर्ती होने के लिए जबरन दस लाख रुपये वसूलने की कोशिश के मामले में तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों से इस काम में प्रयोग किये गये मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।

पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरीदाबाद निवासी शुभम कुमार (22), सुकेश (24) और नई दिल्ली के सतनारायण (22) के रुप में हुई है। तीनों मूल रुप से बिहार के रहने वाले हैं।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीन दिन पहले पल्ला थानाक्षेत्र में जबरन वसूली की कोशिश का मामला दर्ज किया गया था तथा पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। उन्होंने कहा कि इसी दौरान शुभम को पल्ला थानाक्षेत्र में 720 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया जिसने जबरन वसूली की वारदात का खुलासा किया।

उन्होंने बताया कि वह बिहार में अपने गांव से गांजा खरीद कर लाया था और उसके खिलाफ अवैध मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर भी मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार शुभम ने पूछताछ में बताया कि रिश्वत देकर वह बिहार पुलिस में भर्ती होना चाहता था इसलिए उसने अपने अन्य दो साथियों के साथ मिलकर रोशन नगर में रहने वाले अपने जानकार से जबरन 10 लाख रुपये वसूलने की साजिश रची।

सूबे सिंह के अनुसार आरोपियों ने फोन के जरिए जबरन वसूली की कोशिश की थी। पुलिस के अनुसार शुभम पर बिहार में भी चोरी और झपटमारी के मामले दर्ज हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार तीनों आरोपियो से मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किये गये हैं। पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

भाषा सं राजकुमार वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments