scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमदेशबदरीनाथ, केदारनाथ मंदिर की सुरक्षा में आईटीबीपी तैनात

बदरीनाथ, केदारनाथ मंदिर की सुरक्षा में आईटीबीपी तैनात

Text Size:

देहरादून, 21 दिसंबर (भाषा) भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) को सर्दियों के दौरान बर्फ से ढके केदारनाथ और बदरीनाथ मंदिरों की निगरानी के लिए तैनात किया गया है। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से दोनों मंदिरों में आईटीबीपी के जवानों की तैनाती अहम थी।

अजय के मुताबिक, सर्दियों में भारी बर्फबारी के कारण बदरीनाथ और केदारनाथ के स्थाई निवासियों के निचले इलाकों में चले जाने से ऊंचाई पर स्थित ये मंदिर लगभग खाली हो जाते हैं।

उन्होंने कहा कि केदारनाथ मंदिर की बाहरी दीवारों पर हाल ही में सोने की परत चढ़ाई गई है और इसकी सुरक्षा के लिए भी आईटीबीपी के जवानों की विशेष तौर पर तैनाती की गई है।

अजय के अनुसार, इस साल अक्टूबर में केदारनाथ मंदिर के पट सर्दियों के मौसम के लिए बंद होने से पहले उसके जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का काम पूरा हो गया था। उन्होंने बताया कि बदरीनाथ मंदिर का भी मास्टर प्लान के तहत पुनर्विकास किया जा रहा है।

अजय ने कहा, “हाल ही में किये गये जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के चलते केदारनाथ मंदिर अधिक संवेदनशील था, क्योंकि वहां कुछ वर्ष पहले चोरी की घटना हो चुकी है।”

बीकेटीसी अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने दोनों मंदिरों के इर्द-गिर्द सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के लिए मुख्य सचिव एस. एस. संधू को पत्र लिखा था।

उन्होंने कहा कि आईटीबीपी जवानों की तैनाती का आग्रह गृह मंत्रालय के पास भेजा गया था, जिसने हाल ही में संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।

भाषा पारुल सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments