नोएडा (उत्तर प्रदेश), 19 दिसंबर (भाषा) ग्रेटर नोएडा में 15 वर्ष की एक किशोरी से दो व्यक्तियों और एक किशोर ने कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया और मारपीट की। तीनों किशोरी को पहले से जानते थे। यह जानकारी अधिकारियों ने सोमवार को दी।
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनकी आयु 21 और 22 वर्ष है, जबकि 15 वर्षीय किशोर को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि यह गिरफ्तारी कासना थानाक्षेत्र में घटना होने के दो दिन बाद की गई।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘शनिवार को, लड़की आरोपी में से एक से मिलने गई थी, जो उसका दोस्त है और उसके घर के पास किराए के मकान में रहता है। दो अन्य व्यक्ति भी उक्त आरोपी के घर पर थे और वे भी लड़की से परिचित थे और उन्होंने कमरे को अंदर से बंद कर लिया और उससे मारपीट और उससे जबर्दस्ती की।’’
अधिकारी ने कहा, ‘‘लड़की किसी तरह अपने घर पहुंची और अपने परिवार को आपबीती सुनाई, जिसके बाद वे पुलिस थाने पहुंचे और एक प्राथमिकी दर्ज करायी, जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और किशोर को हिरासत में लिया गया।’’
पुलिस ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376डी, 363, 342, 323 सहित अन्य आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस ने कहा कि उनके खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार रोकथाम) अधिनियम के प्रावधानों के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
भाषा अमित दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
