scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशमोपा: अब गोवा में हैं दो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, दोनों हैं 50 किलोमीटर की दूरी पर

मोपा: अब गोवा में हैं दो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, दोनों हैं 50 किलोमीटर की दूरी पर

Text Size:

पणजी, 11 दिसंबर (भाषा) मोपा में रविवार को ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के उद्घाटन के साथ ही गोवा को अब एक दूसरा अंतररराष्ट्रीय हवाई अड्डा मिल गया है जो दक्षिण गोवा के डाबोलिम हवाई अड्डे से 50 किलोमीटर की दूरी पर है।

अब गोवा के दोनों जिलों में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हैं। डाबोलिम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहले से मौजूद था और अब मोपा में नया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बन गया है।

मोपा हवाई अड्डा 2,870 करोड़ रुपये की परियोजना है जिसके पहले चरण का रविवार शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया।

नये हवाई अड्डे का नाम गोवा के दिवंगत मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के नाम पर रखा गया है। इस हवाई अड्डा का लक्ष्य प्रदेश में नागरिक यातायात में सहयोग करना और गोवा की कनेक्टिविटी को बढ़ाना है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मोपा हवाई अड्डे पर उड़ान परिचालन अगले साल पांच जनवरी से शुरू होगा। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे का पहला चरण साल में करीब 44 लाख यात्रियों की आवाजाही संभालेगा जिसे बढ़ाकर 3.3 करोड़ तक पहुंचाया जा सकता है।

वर्तमान डाबोलिम हवाई अड्डा भारतीय नौसेना के आईएनएस हंसा का हिस्सा है और वह नागरिक उड़ानों का परिचालन करता है। वह दक्षिण गोवा के वास्को शहर के समीप है। नया हवाई अड्डा उत्तरी गोवा के पेरनेम तालुका में गोवा-महाराष्ट्र सीमा के समीप है।

डाबोलिम हवाई अड्डे की वर्तमान क्षमता 85 लाख यात्रा सलाना है और यहां से घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का परिचालन होता है। यह हवाई अड्डा 1955 में पुतर्गाली शासन काल में बना था और 2013 में नये टर्मिनल भवन के साथ इसका उन्नयन किया गया।

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments