scorecardresearch
Tuesday, 13 January, 2026
होमदेशसरदारशहर विधानसभा उपचुनाव में अशोक कुमार पिंचा होंगे भाजपा के उम्मीदवार

सरदारशहर विधानसभा उपचुनाव में अशोक कुमार पिंचा होंगे भाजपा के उम्मीदवार

Text Size:

जयपुर, 15 नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राजस्थान की सरदारशहर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अशोक कुमार पिंचा को अपना प्रत्याशी बनाया है।

भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने मंगलवार को एक बयान जारी कर पिंचा को अपना उम्मीदवार बनाए जाने की घोषणा की। उपचुनाव के लिए मतदान पांच दिसंबर को होना है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, पिंचा बुधवार को नामांकन दाखिल कर सकते हैं।

राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने अभी इस उपचुनाव के लिए अपने प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की है। यह सीट कांग्रेस विधायक भंवर लाल शर्मा के निधन से रिक्त हुई थी।

उपचुनाव के लिए नामांकन करने की अंतिम तारीख 17 नवंबर है। मतदान पांच दिसंबर को और मतगणना आठ दिसंबर को होगी।

इस उपचुनाव में सरदारशहर विधानसभा क्षेत्र के 2,89,579 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। वोटिंग के लिए कुल मतदान 295 केंद्र बनाए गए हैं।

सरदारशहर (चूरू) सीट पर लंबे समय से कांग्रेस का कब्जा है। इस सीट से विधायक भंवर लाल शर्मा (77) का नौ अक्टूबर को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। उन्होंने विधानसभा में कुल सात बार इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था।

राजस्थान की 200 सदस्यीय विधानसभा में इस समय कांग्रेस के 107, भाजपा के 71 और 13 निर्दलीय विधायक हैं। एक सीट खाली है, जबकि बाकी सीटें अन्य पार्टियों के पास हैं। राज्य में 2023 के आखिर में अगला विधानसभा चुनाव होना है।

भाषा

पृथ्वी पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments