scorecardresearch
शुक्रवार, 4 जुलाई, 2025
होमदेशकांग्रेस ने भारत की प्रगति रोकी, सत्ता में रहने के लिए मतदाताओं को भ्रमित किया: नड्डा

कांग्रेस ने भारत की प्रगति रोकी, सत्ता में रहने के लिए मतदाताओं को भ्रमित किया: नड्डा

Text Size:

नोवा राजपुरा (हिमाचल प्रदेश), पांच नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शनिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश के विकास को बहुत हद तक रोका है और उसने मतदाताओं को भ्रमित कर केवल सत्ता में बने रहने पर ध्यान केंद्रित किया।

नड्डा ने यह भी दावा किया कि हिमाचल प्रदेश के लोगों ने ‘परंपरा तोड़ने और इस पर्वतीय राज्य का त्वरित विकास सुनिश्चित करने के लिए भाजपा की डबल इंजन सरकार को फिर से चुनने’ का मन बना लिया है।

नड्डा ने अपने गृह जिले बिलासपुर के बहना जट्टन, नोवा राजपुरा और पोटवरखाना कोटला में और चारुघाट छकोह में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में तीन चुनावी सभाओं को संबोधित किया।

उन्होंने मतदाताओं से कहा, ‘कांग्रेस ने देश के विकास को बहुत हद तक रोका है। उसने कभी भी वास्तविक मुद्दों पर राजनीति करने की कोशिश नहीं की और सत्ता में बने रहने के लिए किसी भी तरीके से लोगों को भ्रमित कर चुनाव जीतती रही।’

भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि कांग्रेस फिर से मतदाताओं को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों की रक्षा के लिए भाजपा को वोट देने का आग्रह करते हुए कहा, ‘मैं यहां भाजपा को जिताने के लिए नहीं आया हूं, बल्कि यह सुनिश्चित करने के लिए आया हूं कि आप इस चुनाव में अपने अधिकारों की रक्षा करें।’

नड्डा ने कहा, ‘लोगों ने इस बार परंपरा को बदलने और डबल इंजन वाली सरकार चुनने का मन बना लिया है।’ उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने झूठे वादे किए और लोगों को बड़े-बड़े सपने दिखाये।

उन्होंने कहा कि भाजपा समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम करती है जबकि कांग्रेस केवल एक परिवार के लाभ के लिए काम करती है।

नड्डा ने एक सभा में कहा, ‘हमारा मूल नियम ‘सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ है, जबकि कांग्रेस का मंत्र भ्रष्टाचार और कमीशन है।’

भाजपा प्रमुख ने दावा किया कि कांग्रेस नीत सरकारों के प्रधानमंत्रियों ने 60 वर्षों में हिमाचल का उतना दौरा नहीं किया, जितना मोदी ने आठ वर्षों में किया है।

हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव 12 नवंबर को होंगे और नतीजे चार दिसंबर को घोषित किये जाएंगे।

भाषा सुरेश सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments