scorecardresearch
Tuesday, 3 February, 2026
होमखेलशिव थापा, सचिन और अमित एशियाई एलीट मुक्केबाजी चैम्पियनशिप के क्वार्टरफाइनल में

शिव थापा, सचिन और अमित एशियाई एलीट मुक्केबाजी चैम्पियनशिप के क्वार्टरफाइनल में

Text Size:

नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) पांच बार के एशियाई चैम्पियनशिप पदक विजेता शिव थापा, सचिन और अमित कुमार ने शुक्रवार को अपने मुकाबले जीतकर जोर्डन के अम्मान में चल रही एएसबीसी एशियाई एलीट मुक्केबाजी चैम्पियनशिप के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया।

थापा (63.5 किग्रा) ने मंगोलिया के बिम्बातसोगत तुगुलदूर पर 3-2 की जीत दर्ज की। उनके और तुगुलदूर के बीच मुकाबला बराबरी का रहा जिसमें दोनों ने शुरूआत में आक्रामकता दिखायी और एक दूसरे पर कई दमदार मुक्के जड़े।

अंत में भारतीय मुक्केबाज का अनुभव काम आया और उनकी चुस्ती फुर्ती ने उन्हें अपने प्रतिद्वंद्वी को विभाजित फैसले में हराने में मदद की।

थापा का सामना अब क्वार्टरफाइनल में हैदारा अलासाली और मिंसू चोई के बीच मुकाबले के विजेता से होगा।

कुमार (67 किग्रा) ने चीनी ताइपे के झेंग रोंग हुआंग के खिलाफ पूरे मुकाबले में दबदबा बनाये रखा। आत्मविश्वास से भरे इस मुक्केबाज ने तकनीक के मामले में बेहद दक्ष खेल दिखाया और सर्वसम्मत फैसले में अगले दौर में जगह बनायी। अब वह उज्बेकिस्तान के मुयदिनखुजाएव असादखुजा से भिड़ेंगे।

सचिन (71 किग्रा) हालांकि थाईलैंड के पीरापाट यिसुंगनोइन के खिलाफ पहले दौर में पिछड़ रहे थे लेकिन अगले दो दौर में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए रोमांचक मुकाबले में 5-0 से जीत दर्ज की। सचिन अगले दौर में कजाखस्तान के असलानबेक शिबर्गेनोव के सामने होंगे।

शुक्रवार को अनंत चोपाडे (54 किग्रा) और इताश खान (60 किग्रा) भी रिंग में उतरेंगे।

सात महिला मुक्केबाज शनिवार को अपना क्वार्टरफाइनल चरण से अभियान शुरू करेंगी जिसमें तोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन भी शामिल हैं।

भाषा नमिता पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments