मडगांव/भुवनेश्वर, 17 अक्टूबर (भाषा) खिताब के दावेदार जर्मनी और नाइजीरिया ने सोमवार को यहां क्रमश: न्यूजीलैंड और चिली को हराकर फीफा महिला अंडर-17 फुटबॉल विश्व कप के क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।
यूरोपीय चैंपियन जर्मनी ने मडगांव में न्यूजीलैंड को 3-1 से हराकर ग्रुप बी में शीर्ष स्थान हासिल किया। टीम ने अपने तीनों मुकाबले जीते।
भुवनेश्वर में अफ्रीका की शीर्ष टीम नाइजीरिया ने चिली को 2-1 से हराकर दूसरी जीत दर्ज करते हुए ग्रुप में दूसरा स्थान हासिल किया।
जर्मनी की ओर से लोरीन बेंडर (पांचवें और 54वें मिनट) ने दो गोल दागे जबकि एक अन्य गोल अलारा सेहिटलर ने 60वें मिनट में किया। न्यूजीलैंड की तरफ से एकमात्र गोल एमिली क्लेग ने 10वें मिनट में किया।
नाइजीरिया की ओर से ब्लेसिंग इमानुएल (चौथे मिनट) और बिसोला मोसाकु (82वें मिनट) ने गोल दागे जबकि टाली रोवनर ने इंजरी टाइम में गोल दागकर हार के अंतर को कम किया।
दोनों मैच एक साथ खेले गए क्योंकि इनके नतीजों से ग्रुप में टीम की स्थिति तय हुई।
चार ग्रुप में से प्रत्येक से शीर्ष दो टीम आयु वर्ग की इस शीर्ष प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाएंगी।
जर्मनी ने मडगांव में 11 अक्टूबर को नाइजीरिया को 2-1 से हराया था।
चिली की टीम एक जीत से तीन अंक जुटाकर तीसरे स्थान पर रही जबकि तीनों मैच गंवाने वाले न्यूजीलैंड ने अंतिम स्थान हासिल किया।
भाषा सुधीर पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.