scorecardresearch
Monday, 12 January, 2026
होमखेलप्रिटोरियस की जगह जानसेन दक्षिण अफ्रीकी टीम में

प्रिटोरियस की जगह जानसेन दक्षिण अफ्रीकी टीम में

Text Size:

जोहानिसबर्ग, 12 अक्टूबर (भाषा) बायें हाथ के तेज गेंदबाज मार्को जानसेन को चोटिल ड्वेन प्रिटोरियस की जगह ऑस्ट्रेलिया में होने वाले आगामी टी20 विश्व कप के लिए दक्षिण अफ्रीका की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट बोर्ड ने बुधवार को यह घोषणा की।

ऑलराउंडर प्रिटोरियस हाल में भारत के खिलाफ टी20 श्रृंखला के तीसरे मैच के दौरान चोटिल हो गए थे। उनके बायें अंगूठे में चोट लगी है।

क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका की विज्ञप्ति के अनुसार 22 वर्षीय जानसेन को शुरू में रिजर्व खिलाड़ियों में शामिल किया गया था। रिजर्व खिलाड़ियों में अब उनकी जगह तेज गेंदबाज लिजाद विलियम्स लेंगे।

जानसेन ने अब तक केवल एक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेला है जो उन्होंने इस साल जून में भारत के खिलाफ राजकोट में खेला था। इस मैच में उन्होंने 38 रन देकर एक विकेट लिया था। उन्होंने सात टेस्ट और तीन वनडे भी खेले हैं।

वह भारत के खिलाफ हाल में खेली गई श्रृंखला में टी20 टीम का हिस्सा थे लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने को नहीं मिला। उन्हें वनडे श्रृंखला के लिए प्रिटोरियस जगह टीम में लिया गया था और तीसरे मैच में उन्हें अंतिम एकादश में शामिल किया गया था। इसके बाद ही उन्हें विश्वकप टीम में शामिल किया गया।

दक्षिण अफ्रीका टी20 विश्वकप में अभियान की शुरुआत 24 अक्टूबर को क्वालीफाई करने वाली टीम के खिलाफ करेगा।

टी20 विश्व कप के लिए दक्षिण अफ्रीका की टीम इस प्रकार है:

तेम्बा बावुमा (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, रीजा हेंड्रिक्स, मार्को जानसेन, हेनरिक क्लासेन, केशव महाराज, एडेन मार्कराम, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एनरिक नोर्किया, वेन पार्नेल, कागिसो रबाडा, रिले रोसौ, तबरेज़ शम्सी और ट्रिस्टन स्टब्स।

रिजर्व: ब्योर्न फोर्टुइन, एंडिले फेलुकवायो, लिजाद विलियम्स।

भाषा

पंत सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments