scorecardresearch
Thursday, 12 March, 2026
होमखेलहिमा 200 मीटर स्पर्धा के सेमीफाइनल में, मंजू महिलाओं की हैमर थ्रो के फाइनल में

हिमा 200 मीटर स्पर्धा के सेमीफाइनल में, मंजू महिलाओं की हैमर थ्रो के फाइनल में

Text Size:

बर्मिंघम, चार अगस्त (भाषा) भारत की स्टार फर्राटा धाविका हिमा दास गुरूवार को यहां राष्ट्रमंडल खेलों की 200 मीटर स्पर्धा में अपनी हीट में 23.42 सेकेंड का समय निकालकर पहले स्थान पर रहीं जिससे उन्होंने सेमीफाइनल के लिये क्वालीफाई किया।

वहीं महिलाओं की हैमर थ्रो स्पर्धा में भारत की मंजू बाला ने फाइनल में प्रवेश किया जबकि हमवतन सरिता सिंह ऐसा करने में विफल रहीं।

हिमा (22 वर्ष) पांच महिला धाविकाओं की दूसरी हीट (क्वालीफिकेशन के लिये होने वाली शुरूआती दौर की रेस) में शुरू से ही सबसे आगे रहीं जिसमें जाम्बिया की रोडा नजोबवु 23.85 सेकेंड से दूसरे स्थान पर जबकि युगांडा की जासेंट नयामहुंगे 24.07 सेकेंड के समय से तीसरे स्थान पर रहीं।

महिलाओं की 200 मीटर रेस में छह हीट से शीर्ष 16 सेमीफाइनल के लिये क्वालीफाई करेंगी।

हिमा ने हीट 2 जीती लेकिन हीट 1 में नाईजीरिया की फेवर ओफिली (22.71 सेकेंड) और हीट 5 में इलेन थॉम्पसन हेरा (22.80 सेकेंड) ने उनसे काफी बेहतर समय निकाला।

सेमीफाइनल में पहुंचने वाली कम से कम छह खिलाड़ियों ने हिमा की तुलना में बेहतर समय निकाला।

मंजू बाला क्वालीफिकेशन राउंड में अपने पहले ही प्रयास में 59.68 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो से 11वें स्थान पर रहीं।

नियमों के अनुसार सर्वश्रेष्ठ 12 खिलाड़ी ही फाइनल में पहुंचते हैं। फाइनल शनिवार को छह अगस्त को होगा।

इसी स्पर्धा में एक अन्य भारतीय खिलाड़ी सरिता 57.48 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ थ्रो से 13वें स्थान पर रहीं जिससे वह फाइनल के लिये क्वालीफाई नहीं कर सकीं।

कनाडा की कैमरिन रोजर्स क्वालीफिकेशन में 74.68 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो से शीर्ष पर रहीं जो राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड है।

भाषा नमिता मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments