संभल (उप्र), 18 जुलाई (भाषा) संभल कोतवाली क्षेत्र के एक प्राथमिक स्कूल में कथित तौर पर अध्यापक द्वारा नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) चक्रेश मिश्रा ने बताया कि संभल कोतवाली क्षेत्र स्थित प्राथमिक जूनियर हाईस्कूल शहजादी सराय की 11 वर्षीय कक्षा चार की छात्रा के परिजनों की तहरीर के आधार पर शिक्षक हरपाल सिंह के खिलाफ पॉक्सो कानून समेत संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
परिजनों की शिकायत के हवाले से उन्होंने बताया कि 16 जुलाई को छात्रा विद्यालय में पढ़ने गई थी, तो शिक्षक हरपाल सिंह ने छुटटी के बाद घर पर स्कूल बैग रखकर वापस आने को कहा। बच्ची जब दोबारा स्कूल गई, तो शिक्षक ने बुरे इरादे से उसके साथ छेड़छाड़ की।
किसी तरह बच्ची उसके चंगुल से छूटकर घर गई और घर वालों को घटना से अवगत कराया। एसपी ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
भाषा सं आनन्द
संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
