scorecardresearch
Friday, 27 March, 2026
होमदेशराष्ट्रपति चुनाव: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री शिंदे , उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने मतदान किया

राष्ट्रपति चुनाव: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री शिंदे , उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने मतदान किया

Text Size:

मुंबई, 18 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे , उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा राज्य के अन्य विधायकों ने भारत के 15 वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए सोमवार को यहां मतदान किया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक आशीष शेलार ने दावा किया कि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू को महाराष्ट्र से ‘रिकार्ड’ वोट मिलेंगे।

यहां विधान भवन के केंद्रीय सभागार में पूर्वाह्न दस बजे मतदान शुरू हुआ जो शाम पांच बजे तक चलेगा। विधानसभा में विपक्ष के नेता (राकांपा) अजीत पवार एवं कांग्रेस के बालासाहब थोराट भी शुरुआत में मतदान करने वालों में शामिल थे। पुणे की भाजपा विधायक मुक्ता तिलक गंभीर रूप से बीमार हैं, उसके बावजूद वह मतदान करने विधानभवन पहुंचीं।

विपक्ष ने इस चुनाव में पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को अपना प्रत्याशी बनाया है।

महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 106, शिवसेना के एकनाथ शिंदे गुट के 40 विधायक तथा भाजपा का समर्थन करने वाले 10 निर्दलीय विधायक हैं। शिवसेना के उद्धव ठाकरे गुट ने भी मुर्मू का समर्थन करने की घोषणा की है। इस गुट में 15विधायक हैं।

राकांपा एवं कांग्रेस के क्रमश: 53 एवं 44 विधायक हैं। शिवसेना के एक विधायक के निधन के चलते सदन की एक सीट रिक्त है।

भाषा

राजकुमार नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments