इंदौर/भोपाल, 18 जुलाई (भाषा) मध्य प्रदेश के धार जिले के खलघाट में सोमवार को महाराष्ट्र की एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ नर्मदा नदी में जा गिरी, जिससे उसमें सवार 12 लोगों की मौत हो गई।
भोपाल में संवाददाताओं से मुखातिब हुए मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने हादसे को दुखद बताया। उन्होंने कहा, “यह बस इंदौर से पुणे जा रही थी। 15 लोगों को बचा लिया गया है, जबकि 12 यात्रियों की मौत हो गई है।”
मिश्रा के मुताबिक, बस में 50 से 55 यात्रियों के सवार होने का अनुमान है। उन्होंने कहा, “नदी की धार बहुत तेज है। थोड़ी देर में स्थिति साफ होगी। बस को नदी से निकालने के प्रयास जारी हैं।”
मिश्रा के अनुसार, प्रथम दृष्ट्या ऐसा लगता है कि बस रेलिंग तोड़कर नदी में जा गिरी। उन्होंने बताया कि यह बस महाराष्ट्र सरकार की थी और इंदौर से कुल 12 लोग इसमें सवार हुए थे।
मंत्री के मुताबिक, बचावकर्मी एवं अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और बचाव अभियान जारी है।
इसी बीच, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक बयान जारी कर कहा, “खरगोन जिले के खलघाट में एक बस के नर्मदा नदी में गिरने से कई अनमोल जिंदगियों के खत्म होने का हृदयविदारक समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से मृतकों की आत्मा की शांति और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं।”
शिवराज ने कहा, “मैंने घटनास्थल पर राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम और अतिरिक्त आवश्यक संसाधन भेजने के निर्देश दिए हैं। घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। मैं खरगोन, धार और इंदौर जिला प्रशासन के लगातार संपर्क में हूं।”
वहीं, मध्य प्रदेश के एक अधिकारी ने भोपाल में कहा कि शिवराज ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को फोन कर उन्हें खलघाट में हुए बस हादसे की जानकारी दी। शिवराज ने शिंदे से कहा कि मध्य प्रदेश से सभी शवों को सम्मान के साथ महाराष्ट्र पहुंचाया जाएगा।
जिस पुल पर यह हादसा हुआ, वह राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या तीन (आगरा-मुंबई रोड) पर धार और खरगोन जिले की सीमा पर स्थित है।
भाषा
हर्ष रावतरावत रावत पारुल
पारुल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
