नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) आंगनबाडी कार्यकर्ताओं ने एक प्रतिनिधिमंडल अपने बर्खास्त कार्यकर्ताओं को बहाल करने की मांग को लेकर शनिवार को दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा। आंगनवाड़ी संघ के पदाधिकारियों ने यह जानकारी दी।
बर्खास्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पूनम ने बताया, ‘‘हमने अपनी मांगों को लेकर उप राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपा। उप राज्यपाल ने कहा कि वह इस मामले को देखेंगे और यथाशीघ्र प्रकरण में हस्तक्षेप करेंगे।’’
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर उनकी मांगें जल्द नहीं मानी गई तो वे उप राज्यपाल के आवास का घेराव करेंगे।
इससे पहले दिल्ली प्रदेश आंगनवाड़ी कर्मचारी एवं सहायक संघ (डीएसएडब्ल्यूएचयू) के सदस्य पोस्टर बैनर के साथ उपराज्यपाल के आवास के समक्ष जमा हुए और उपराज्यपाल और दिल्ली सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने वेतन बढ़ाने और बर्खास्त आगंनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायकों को बहाल करने की मांग की।
डीएसएडब्ल्यूएचयू का कहना है कि 39 दिन हड़ताल में शामिल होने के लिए दिल्ली सरकार ने 884 आंगनवाड़ी कर्मियों को बर्खास्त करने का नोटिस तथा 11,942 को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
भाषा धीरज माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
